UAE का शारजाह कैसे बन रहा केरल की बेटियों का 'श्मशान'? तीसरी बहू की हत्या! 'गला घोंटा, पेट में लात मारी-मौत'
UAE Dowry Harassment Case: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में 2025 में दहेज उत्पीड़न की तीसरी दिल दहलाने वाली घटना ने केरल को झकझोर दिया है। कोल्लम की 29 वर्षीय अतुल्या राज की शारजाह के अपने अपार्टमेंट में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनकी मां की शिकायत पर कोल्लम पुलिस ने उनके पति सतीश के खिलाफ हत्या और दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है।
अतुल्या (Athulya) की मां ने आरोप लगाया कि सतीश ने उनकी बेटी का गला घोंटा, पेट में लात मारी, और सिर पर प्लेट से वार किया, जिसके कारण 18-19 जुलाई 2025 की रात बेटी की मौत हुई। यह घटना यूएई में केरल की महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा और दहेज उत्पीड़न की भयावह स्थिति को उजागर करती है।

क्या हुआ अतुल्या के साथ?
कोल्लम के मूल निवासी अतुल्या और सतीश की शादी 2014 में हुई थी। शिकायत के अनुसार, शादी में अतुल्या के परिवार ने दहेज के रूप में दोपहिया वाहन, सोना, और नकदी दी थी, लेकिन सतीश और उसके परिवार ने इसे अपर्याप्त बताकर अतुल्या को लगातार प्रताड़ित किया। अतुल्या की मां ने बताया, 'सतीश शराब के नशे में अतुल्या को बेरहमी से मारता था। उसने उसका गला घोंटा, पेट में लात मारी, और सिर पर प्लेट से वार किया। मेरी बेटी को रोज यातनाएं दी जाती थीं।'
19 जुलाई की सुबह अतुल्या अपने शारजाह अपार्टमेंट में मृत पाई गईं। उनकी पांच साल की बेटी के साथ गहरा रिश्ता था, जिसके कारण उनके पिता राजशेखरन ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा, 'मेरी बेटी अपनी बच्ची के लिए जीती थी। उसकी मौत रहस्यमय है। सतीश हिंसक और शराबी है। हमें सच जानना है।'
कोल्लम पुलिस ने सतीश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85 (पति द्वारा क्रूरता), 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 118(1) (गंभीर चोट), 103(1) (हत्या), और दहेज निषेध अधिनियम, 1961 की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है। शारजाह पुलिस भी इस मामले की समानांतर जांच कर रही है, और अतुल्या का शव पोस्टमॉर्टम के लिए अल कासिमी अस्पताल में है।
2025: UAE में केरल की तीन महिलाओं की मौत
यह इस साल यूएई में दहेज उत्पीड़न से जुड़ी तीसरी घटना है, जो केरल की महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाती है।
- याजना (शारजाह, मार्च 2024): वर्कला की 30 वर्षीय याजना (Yazna) अपने शारजाह अपार्टमेंट में फांसी पर लटकी पाई गईं। उनके पति शमनाद, मां रजीना, और बहन फातिमा पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। केरल क्राइम ब्रांच ने तीनों को निर्वासित करने के लिए यूएई सरकार और इंटरपोल को अनुरोध भेजा है।
- विपांचिका मणि और उनकी बेटी वैभवी (शारजाह, 8 जुलाई 2025): 33 वर्षीय विपांचिका और उनकी डेढ़ साल की बेटी शारजाह (Sharjah) के अल नहदा में मृत पाई गईं। विपांचिका के फेसबुक पर छह पेज के सुसाइड नोट में उनके पति निधीश, ससुर मोहनन, और सास नीथू पर दहेज उत्पीड़न, यौन शोषण, और शारीरिक हिंसा के आरोप लगे। नोट में खुलासा हुआ कि ससुर ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया, और गर्भवती होने पर उन्हें घर से निकाल दिया गया। कोल्लम पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
- अतुल्या राज (शारजाह, 19 जुलाई 2025): यह ताजा मामला, जिसमें अतुल्या की निर्मम हत्या का आरोप उनके पति सतीश पर लगा है। परिवार का दावा है कि सतीश की शराबखोरी और हिंसक स्वभाव ने अतुल्या (Athulya) को मौत के मुंह में धकेल दिया।

क्यों हो रही हैं ऐसी घटनाएं?
इन मामलों में दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, और सामाजिक-आर्थिक दबाव प्रमुख कारण सामने आए हैं। यूएई में रहने वाली भारतीय महिलाएं अक्सर सामाजिक अलगाव, गल्फ सिंड्रोम, और नौकरी-परिवार के बीच संतुलन की चुनौतियों का सामना करती हैं। मनोवैज्ञानिकों के अनुसार, विदेश में अकेलापन और परिवार से दूरी मानसिक स्वास्थ्य पर गहरा असर डालती है। केरल की सामाजिक कार्यकर्ता अनीता नायर ने कहा, "दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा अब भी समाज की गहरी जड़ों में बसी हैं। एनआरआई महिलाओं को विशेष सुरक्षा और सहायता की जरूरत है।"
कानूनी और सामाजिक कदम
भारतीय दूतावास ने अतुल्या के शव को केरल लाने की प्रक्रिया शुरू की है, और सतीश से पूछताछ के लिए यूएई पुलिस के साथ समन्वय किया जा रहा है। केरल पुलिस ने भी एनआरआई सेल को सक्रिय किया है, जो विदेश में रहने वाली महिलाओं की शिकायतों की जांच करता है। सामाजिक संगठनों ने दहेज विरोधी जागरूकता अभियान और एनआरआई महिलाओं के लिए हेल्पलाइन शुरू करने की मांग की है।
इन तीनों मामलों ने भारत और यूएई में कानूनी और सामाजिक बहस को तेज कर दिया है। क्या अतुल्या, विपांचिका, और याजना को इंसाफ मिलेगा? क्या दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा के खिलाफ प्रभावी कदम उठाए जाएंगे? यह समय बताएगा। यह त्रासदी समाज से सवाल करती है कि कब तक महिलाएं दहेज की भेंट चढ़ती रहेंगी?
हेल्पलाइन: घरेलू हिंसा या दहेज उत्पीड़न की शिकायत के लिए संपर्क करें: केरल पुलिस एनआरआई सेल (0471-2333100), DISHA (1056), या राष्ट्रीय महिला आयोग (7827170170). मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए: Aasra (022-27546669), Sneha (044-24640050).
ये भी पढ़ें- 'सिर मुंडवाया, कुत्ते की तरह पीटा, ससुर के आगे परोसा', 6 पन्नों का नोट लिख महिला ने बेटी की हत्या कर जान दी
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications