डैम के पानी में मस्ती करने उतरी सॉफ्टवेयर इंजीनियरों की टोली, 2 की मौत
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में 9 दोस्तों को पानी के अंदर मस्ती करना काफी महंगा पड़ा। छुट्टी का लुफ्त उठाने के लिए नदी किनारे घूमने गए 9 दोस्तों में से 2 दोस्त की पानी में डूबने से मौत हो गई। पुणे के पवना बांध में डूबने वाले दोनों सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। अपने ऑफिस के दोस्तों के साथ यहां घूमने गए थे।

6 लड़के और 3 लड़कियों की टोली
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस घटना में वेदप्रकाश राणा और मोहित जाधव की मौत हो गई है। पुणे के हिंजवडी में प्राइवेट कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम करते थे। यह सभी दोस्त पवना डैम में घूमने के लिए आए थे, जिसमें 6 लड़के और तीन लड़कियां थीं। शनिवार की रात को पवना डैम के पास ही एक होटल में रुके हुए थे।

किसी को तैरना नहीं आता था
रविवार की सुबह नाश्ता किया, 11 बजे के करीब फोटो निकालने के लिए डैम के पास गए थे। वे पानी में नहाने के लिए डैम में उतरे थे और उनमें से किसी को भी तैरना नहीं आता था। पानी के अंदर सभी मौज-मस्ती की फोटो निकाल रहे थे। अचानक अजिंक्य शिंदे और मोहित जाधव दोनों पानी की गहराई में चले गए। दोनों को पानी की गहराई का अंदाजा नहीं आया और डूबने लगे।

लोगों ने बाकियों को बचाया
दोनों को बचाने के लिए वेदप्रकाश राणा और शुभम बम्मी पानी में उतरे लेकिन किसी को भी तैरना नहीं आता था जिसकी वजह से चारों पानी में डूबने लगे थे। उनके सभी दोस्त चारों को बचाने के लिए मदद के लिए चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े चले आए। अजिंक्य और शुभम को बचाने में लोग कामयाब रहे लेकिन वेदप्रकाश और मोहित को नहीं बचा सके। यह सभी दोस्त पुणे के हिंजवडी स्थित नॅटॉल सॉफ्टवेयर और एक्सलॉन सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करते थे।












Click it and Unblock the Notifications