भारत में 'ओमिक्रोन' की दस्तक, कर्नाटक में 2 लोग पॉजिटिव
नई दिल्ली, 2 दिसंबर: पूरी दुनिया कोरोना वायरस के ओमिक्रोन वेरिएंट को लेकर परेशान है। भारत सरकार ने भी इसको रोकने के लिए कई कड़े कदम उठाए थे, लेकिन अब एक टेंशन वाली खबर सामने आई है। गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया कि देश में ओमिक्रोन वेरिएंट के दो मामलों की पुष्टि हुई है। दोनों मरीज डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी हालत अभी स्थिर है। इसके अलावा उनके संपर्क में आए लोगों का भी पता लगाकर उन्हें आइसोलेट किया जा रहा है। वहीं अब तक 29 देशों में इसके 373 केस सामने आ चुके हैं।

मामले में स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि कर्नाटक में दो पुरुष ओमिक्रोन वेरिएंट से संक्रमित हैं। जिसमें एक की आयु 66 वर्ष जबकि दूसरे की 46 वर्ष है। उनकी प्राइवेसी की रक्षा के लिए मंत्रालय ने दोनों की पूरी पहचान नहीं उजागर की। उन्होंने आगे कहा कि दोनों मरीजों के संपर्क में आए सभी लोगों का पता लगा लिया गया है। साथ ही उनको आइसोलेट कर उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए। इस पूरे मामले में स्वास्थ्य विभाग मंत्रालय की ओर से जारी हर प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन कर रहा है।
Recommended Video
लव अग्रवाल के मुताबिक ओमिक्रोन के मामलों में अभी तक मरीजों में हल्के लक्षण दिख रहे हैं। देश और दुनिया के सभी मामलों में अभी तक गंभीर लक्षण नजर नहीं आए। फिलहाल WHO अभी इस पर विस्तार से अध्ययन कर रहा है। वहीं आईसीएमआर के डीजी डॉ. बलराम भार्गव ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्रालय ने 37 प्रयोगशालाओं में जीनोम सिक्वेंसिंग की व्यवस्था कर रखी है। उन्हीं के जरिए कर्नाटक में दो मामलों का पता चला है। अभी हमें घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन जागरुकता बहुत ज्यादा जरूरी है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल ने कहा कि कोविड के ओमिक्रोन वेरिएंट की सावधानी से जांच की जा रही, इसके आधार पर ही निर्णय लिया जा रहा है। अब वैक्सीन लेना समय की जरूरत है, ऐसे में सभी लोग जल्द से जल्द दोनों डोज ले लें।












Click it and Unblock the Notifications