ट्विटर ने राहुल गांधी का अकाउंट किया अनलॉक, नियमों के उल्लंघन को लेकर हुई थी कार्रवाई
नई दिल्ली, अगस्त 14। ट्विटर ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के अकाउंट को अनलॉक कर दिया है। दिल्ली में 9 साल की बच्ची के साथ कथित बलात्कार और उसकी हत्या के मामले में राहुल गांधी ने ट्विटर पर पीड़िता के परिजनों की फोटो पोस्ट की थी, जिसके बाद ट्विटर ने राहुल गांधी के अकाउंट को ब्लॉक कर दिया था। ट्विटर ने नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए ये कदम उठाया था। ट्विटर ने राहुल गांधी के अलावा कई अन्य कांग्रेस नेताओं के अकाउंट को भी ब्लॉक किया था, अब उन सभी के अकाउंट अनलॉक हो गए हैं।ट्विटर के इस फैसले के बाद कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष रोहन गुप्ता ने इसे भारत की जनता की जीत बताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है, 'सत्यमेव जयते'।
Recommended Video

राहुल गांधी ने ट्विटर पर लगाए थे गंभीर आरोप
इससे पहले शुक्रवार को ट्विटर ने अपने इंडिया हेड मनीष माहेश्वरी का अमेरिका ट्रांसफर कर दिया। राहुल गांधी और कांग्रेस ने ट्विटर पर सरकार के दबाव में कार्रवाई करने का आरोप लगाया था। अपना अकाउंट ब्लॉक होने को लेकर राहुल गांधी भी ट्विटर पर जमकर बरसे थे। उन्होंने कहा था कि यह अमेरिकी कंपनी भारत की राजनीतिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर रही है और लोकतांत्रिक ढांचे पर हमला कर रही है। राहुल गांधी ने ट्विटर पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया था और कहा था कि ये कंपनी सरकार के मुताबिक काम कर रही है। राहुल गांधी ने कहा था कि मेरे पास 1.9 करोड़ से दो करोड़ के बीच फॉलोवर हैं। आप उन्हें अपने विचार रखने के अधिकार से वंचित कर रहे हैं। आप यही कर रहे हैं।'
राहुल गांधी के फेसबुक अकाउंट पर भी मंडराया खतरा
ट्विटर ने भले ही राहुल गांधी के अकाउंट को अनलॉक कर दिया हो, लेकिन अब उनके फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी खतरा मंडरा रहा है। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने ट्विटर को पत्र लिखकर कहा है कि राहुल गांधी ने बच्ची के माता-पिता की फोटो पोस्ट कर जुवेनाइल जस्टिस एक्ट 2015, यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम, 2012 के प्रावधानों का उल्लंघन किया है। NCPCR ने फेसबुक इंडिया के अधिकारी को समन भेजा है और 17 अगस्त को शाम 5 बजे पेश होने के लिए कहा है।












Click it and Unblock the Notifications