मशहूर एक्ट्रेस पर दो बाइकसवारों ने किया हमला, बेटे के सामने की बदतमीजी
'साराभाई वर्सेज साराभाई' जैसे हिट सीरियल में काम कर चुकीं टीवी एक्ट्रेस रुपाली गांगुली पर दो बाइकसवारों ने तब हमला कर दिया जब वो अपने पांच साल के बेटे को स्कूल छोड़ने जा रहीं थीं। रुपाली के साथ कार में उनका बेटा और उसकी केयरटेकर मौजूद थे।

मुंबई। 'साराभाई वर्सेज साराभाई' जैसे हिट सीरियल में काम कर चुकीं टीवी एक्ट्रेस रुपाली गांगुली पर दो बाइकसवारों ने तब हमला कर दिया जब वो अपने पांच साल के बेटे को स्कूल छोड़ने जा रहीं थीं। रुपाली के साथ कार में उनका बेटा और उसकी केयरटेकर मौजूद थे। बाइकसवारों ने रुपाली की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और उन्हें धमकी भी दी। रुपाली के हाथ में चोट आई है और उनका बेटा काफी डरा हुआ है। रुपाली ने ये दर्दनाक हादसा सोशल मीडिया पर शेयर किया।

रोड रेज का शिकार हुईं रुपाली गांगुली
टीवी एक्ट्रेस रुपाली मुंबई के वर्सोवा में एक दर्दनाक घटना हुई। रुपाली शनिवार की सुबह अपने पांच साल के बेटे को स्कूल छोड़ने जा रहीं थीं जब दो लोगों ने उनपर हमला कर दिया। रुपाली की गाड़ी बाइक पर जा रहे दो लोगों से टकरा गई। रुपाली ने तुरंत इसके लिए माफी मांगी लेकिन बाइकसवार सुनने को राजी ही नहीं हुए। बाइकसवार ने आगे आकर रुपाली की गाड़ी रोकी और उनकी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया और उनसे बदतमीजी करने लगे।

सोशल मीडिया पर बयां किया दर्द
रुपाली ने सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां करते हुए लिखा, 'पहली बार जिंदगी में रोड रेज का सामना किया। दो बाइकसवार गुंडों ने मेरी कार के शीशे तोड़ दिए और मेरे पांच साल के बेटे के सामने मुझे गाली देने लगे। मैं उनकी फोटो नहीं ले सकी और न ही गाड़ी का नंबर नोट किया। मेरी प्राथमिकता अपने डरे हुए बेटे और उसकी केयरटेकर की सुरक्षा थी।' रुपाली ने इसके साथ अपनी गाड़ी की भी तस्वीरें साझा की हैं जिसमें गाड़ी काफी खराब स्थिति में दिख रही है।

पुलिस ने निकाली आरोपियों की सीसीटीवी फुटेज
बाइकसवार जैसे ही उनके बेटे की साइड का शीशा तोड़ने के लिए बढ़े रुपाली ने गाड़ी घुमा ली। फिर वर्सोवा पुलिस स्टेशन में जाकर रुपाली ने मामले की एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत पहले रुपाली की मदद की फिर उनके साथ वापस घटनास्थल पहुंचे, जहां से आरोपियों की सीसीटीवी फुटेज निकाली गई। अपनी पीड़ा ट्विटर पर शेयर करते हुए रुपाली ने लिखा कि जब बाइकसवार उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ जा रहे थे तब कोई उनकी मदद को आगे नहीं आया। 'मुंबई में इंसानियत नहीं बची। लोग बस वहां खड़े तमाशा देखते रहे।'

'तमाशा देखते रहे लोग'
'लोग बस वहां दो महिलाओं और एक बच्चे पर हमला होते देखते रहे। मैं अपने बेटे को स्कूल छोड़ने जा रही थी, लेकिन वो सब वहां खड़े रहे और तमाशा देखते रहे। किसी ने आकर मेरी मदद करने की कोशिश नहीं की। बस एक तीन महिलाएं बाद में मदद को आगे आईं। मर्द कहां थे?' रुपाली की गाड़ी को नुकसान पहुंचाने वाले आरोपियों को पकड़ने में मुंबई पुलिस को ज्यादा वक्त नहीं लगा। सीसीटीवी फुटेज में मिली जानकारी की मदद से मुंबई पुलिस ने एक घंटे के भीतर ही आरोपियों को पकड़ लिया। रुपाली ने आरोपियों की फोटो भी ट्विटर पर शेयर की है। खबरों के अनुसार, दोनों आरोपियों को अंधेरी कोर्ट से जमानत मिल गई है।













Click it and Unblock the Notifications