त्रिपुरा निकाय चुनावों में भाजपा को बड़ी बढ़त, 7 सीटों पर विपक्ष ने नहीं उतारे उम्मीदवार
अगरतला, 5 नवंबर: त्रिपुरा में हो रहे स्थानीय निकाय चुनाव में सात सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों की निर्विरोध जीत पक्की हो गई है। विपक्षी दलों ने 20 में से 7 निकायों पर कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है। ऐसे में इन सीटों पर बिना मतदान के ही भाजपा को जीत मिलना तय हो गया है। बुधवार को स्थानीय निकाय चुनावों के लिए नामांकन का आखिरी दिन था। प्रदेश की बाकी 13 निकायों पर अब 25 नवंबर को वोट डाले जाएंगे।

विपक्ष ने धलई जिले की कमालपुर नगर पंचायत, पश्चिम त्रिपुरा जिले की जिरानिया नगर पंचायत, पश्चिम त्रिपुरा की रानिरबाजार नगर पंचायत, पश्चिम त्रिपुरा की मोहनपुर नगर परिषद, सिपाहीजाला की बिशालगढ़ नगर परिषद, गोमती की उदयपुर नगर परिषद और दक्षिण त्रिपुरा की संतिरबाजार नगर परिषद उम्मीदवार नहीं उतारे हैं। इन पर सिर्फ भाजपा के ही उम्मीदवार हैं।
बीजेपी ने सभी 20 शहरी स्थानीय निकायों की कुल 334 सीटों पर पर 336 उम्मीदवार उतारे हैं। दो उम्मीदवारों के पर्चा वापस लेने की बात कही गई है। राज्य के प्रमुख विपक्षी दल सीपीएम ने 214 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। सीपीआई ने 6 और आरएसपी ने 2 सीटों पर कैंडिडेट खड़े किए हैं। तृणमूल कांग्रेस पार्टी ने 125 सीटों और कांग्रेस 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। चुनाव में कुल 829 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं, जिसमें सबसे ज्यादा भाजपा के हैं।
विपक्ष ने भाजपा पर लगाया हिंसा का आरोप
राज्य में विपक्षी दलों ने भाजपा पर हिंसा फैलाने और डरा धमका कर उनके उम्मीदवारों को नामांकन से रोकने के आरोप लगाए हैं। राज्य पुलिस भाजपा के लोगों पर पर कार्रवाई नहीं कर रही है। त्रिपुरा में टीएमसी के नेता सुबल भौमिक ने कहा है कि राज्य निर्वाचन आयोग से अपील के बाद भी विपक्ष के नेताओं को सुरक्षा नहीं दी गई। भाजपा की गुंडागर्दी के चलते ही कई सीटों पर विपक्ष के लोग पर्चा ही नहीं दाखिल कर सके।












Click it and Unblock the Notifications