Boxanagar By-Election: त्रिपुरा में बीजेपी का जलवा, धनपुर के बाद बॉक्सानगर सीट भी की फतह
पूर्वोत्तर के अहम राज्य त्रिपुरा में भी दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए थे। जिसमें दोनों पर बीजेपी ने बाजी मार ली है। सबसे पहले उसने धनपुर सीट को अपने कब्जे में किया, तो वहीं अब बॉक्सानगर में उसके प्रत्याशी ने जीत हासिल की है।
बीजेपी ने बॉक्सानगर सीट से मुस्लिम प्रत्याशी तफज्जल हुसैन को मैदान में उतारा था, क्योंकि इस विधानसभा क्षेत्र में मुस्लिमों की आबादी 66 फीसदी है। उन्होंने करीब 30 हजार वोटों से जीत हासिल की है। वहीं उनके प्रतिद्वंदियों की जमानत जब्त हो गई।

जानकारी के मुताबिक हुसैन को कुल 34,146 वोट मिले। उनके सामने सीपीआई (एम) के मिजान हुसैन ने सिर्फ 3909 वोट हासिल किए। ऐसे में दोनों के बीच का अंतर 30,237 वोटों का हो गया।
विपक्ष ने नहीं उतारा उम्मीदवार
वहीं चुनाव का ऐलान होते ही बीजेपी और सीपीआई (एम) के बीच सीधी लड़ाई हो गई थी, क्योंकि टिपरा मोथा, कांग्रेस समेत अन्य दलों ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा। ऐसे में वोट इधर-उधर नहीं बंटे।
धांधली का आरोप
वोटिंग के वक्त सीपीआई (एम) ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाया था। उसका ये भी आरोप है कि उसकी शिकायत पर चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की, ऐसे में उनकी ओर से काउंटिंग का ही बहिष्कार किया गया।
मौजूदा विधायक का हो गया था निधन
पिछले चुनाव में बॉक्सानगर सीट से सीपीआई (एम) के समसुल हक चुनाव जीते थे। इस साल 19 जुलाई को उनको हार्टअटैक आया। बाद में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस वजह से इस सीट पर उपचुनाव करवाया गया।
धनपुर सीट पर कैसा रहा परिणाम?
त्रिपुरा की धनपुर सीट पर भी उपचुनाव हुए थे। जिसमें भी बीजेपी ने फहत हासिल की। पार्टी प्रत्याशी बिंदू देबनाथ को जनता ने भारी मत दिए, ऐसे में उनकी जीत का अंतर 18871 वोटों का रहा। उन्होंने सीपीआई (एम) प्रत्याशी कौशिक चंद को हराया।
INDIA गठबंधन को झटका
वैसे त्रिपुरा उपचुनाव को बीजेपी बनाम INDIA गठबंधन माना गया था, लेकिन इसमें विपक्ष की करारी शिकस्त हुई। हालांकि उनकी ओर से लगातार चुनाव में धांधली के आरोप लगाए गए।












Click it and Unblock the Notifications