मुंबई: सीसीटीवी की मदद से टला रेल हादसा, समय रहते लग गई गिरते बोल्डर की खबर
मुंबई। मानसून के दौरान निगरानी के लिए मुंबई-पुणे मार्ग के घाट '(पहाड़ी) इलाके में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे गुरुवार रात बड़े मददगार साबित हुए। दरअसल यहां कैमरे की ही मदद से ट्रेन को गिरते बोल्डर से टकराने से रोक दिया गया। गुरुवार शाम करीब 8.15 बजे लोनावाला के पास ट्रैक पर एक बड़ा बोल्डर गिर गया, जिसने मुंबई-कोल्हापुर सह्याद्री एक्सप्रेस को दो घंटे तक रोके रखा।

रेलवे के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि ये बड़ी दुर्घटना टल गई क्योंकि सीसीटीवी मॉनिटरिंग स्टाफ ने बोल्डर को समय रहते देख लिया था। मध्य रेलवे के मुख्य प्रवक्ता, सुनील उदासी ने कहा, "निगरानी कर्मचारियों ने न केवल उच्च अधिकारियों को सतर्क किया, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया कि ओवरहेड उपकरणों की बिजली की आपूर्ति बंद कर दी जाए और आने वाली ट्रेनों को समय पर रोक दिया जाए।"
उन्होंने कहा कि सह्याद्री एक्सप्रेस को ठाकुरवाड़ी स्टेशन पर वापस कर दिया गया था और फिर यह लगभग 10.30 बजे कोल्हापुर की ओर फिर से चालू किया गया। उदासी ने कहा, "यात्रियों को ठाकुरवाड़ी में नाश्ते और पानी उपलब्ध कराया गया, जब ट्रेन रात 11 बजे लोनावाला पहुंची।" उन्होंने कहा कि अगर कोई ट्रेन टकरा जाती तो 2.3 मीटर लंबा, 1.6 मीटर ऊंचा और 2.2 मीटर चौड़ा यह बोल्डर गंभीर रूप से नुकसान पहुंचा सकता था। उदासी ने आगे कहा कि मार्ग पर यातायात "कम से कम संभव समय" में बहाल किया गया।
यह भी पढ़े- राजस्थान में रेल हादसा: जोरदार धमाके के साथ लगी आग, लोगों में मची अफरा-तफरी












Click it and Unblock the Notifications