Tamil Nadu: कुन्नूर के पास पर्यटकों से भरी बस खाई में गिरी, 9 की मौत, 30 से ज्यादा घायल
तमिलनाडु के कुन्नूर में शनिवार को बड़ा हादसा हुआ, जहां पर्यटकों से भरी एक बस खाई में जा गिरी। इस घटना में अभी तक 9 लोगों की मौत हुई है, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे। जिनको नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के मुताबिक बस ऊटी से मेट्टुपालयम जा रही थी। जिसमें 55 पर्यटक सवार थे। मारापलम के पास अचानक वो अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी, जिससे चारों ओर चीख पुकार मच गई। आनन-फानन में पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

कोयंबटूर जोन के डीआईजी सरवण सुंदर के मुताबिक घटना में करीब 8 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हैं। उनको अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच भी शुरू कर दी है।
मामले में एक चश्मदीद ने बताया कि रात का वक्त था। ड्राइवर ने बस पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे वो करीब 100 फीट गहरी खाई में गिरी। स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन अंधेरा होने की वजह से काफी ज्यादा दिक्कत हो रही थी। बाद में पुलिस आई और लाइट की व्यवस्था की गई। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही, जिनको कुन्नूर सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
राज्यपाल ने जताया दुख
वहीं घटना पर तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि नीलगिरी के कुन्नूर के पास एक बस दुर्घटना में लोगों की मौत से गहरा दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना है।
सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान
वहीं घटना पर सीएम स्टालिन ने दुख व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान किया। सीएम ने कहा कि मृतकों के परिजनों के लिए 8-8 लाख रुपये और घायलों को एक-एक लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं जो लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं, उनको 50 हजार की राशि मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications