हिमाचल में भारी बारिश से जानिए और कितना महंगा हो सकता है टमाटर? इन सब्जियों के दाम भी बढ़ सकते हैं
देश में टमाटर की ऊंची कीमतों से फिलहाल लोगों को छुटकारा मिलने की संभावना नजर नहीं आ रही है। जानकारों का मानना है कि यह अभी और महंगा हो सकता है। क्योंकि, हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की वजह से इसकी फसल को काफी नुकसान होने की आशंका है और लॉजिस्टिक भी बाधित हुई है।
इस समय देश के अधिकतर हिस्सों में बेंगलुरु से ही टमाटर की आपूर्ति हो रही है, लेकिन हिमाचल प्रदेश से आने वाली फसल से उसे सपोर्ट मिलने की उम्मीद बनी हुई थी। ऐसे में एक्सपर्ट का मानना है कि आने वाले दिनों में इसके दाम और बढ़ सकते हैं और साथ ही साथ अन्य सब्जियां और दालें भी महंगी हो सकती हैं।

टमाटर और हरी सब्जियों की फसल क्षतिग्रस्त होने की आशंका-एक्सपर्ट
सिर्फ टमाटर ही नहीं पत्तागोभी, फूलगोभी, खीरा और अन्य पत्तेदार हरी सब्जियां भी उत्तरी पहाड़ी इलाकों में हुई भारी बारिश की वजह से आम लोगों की पहुंच से बाहर जा सकती हैं। ईटी से बेंगलुरु स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ हॉर्टिकल्चर रिसर्च के डायरेक्टर एसके सिंह ने कहा, 'उत्तर भारत विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से टमाटर, पत्तागोफी, फूलगोभी, शिमला मिर्च आदि की अधिकतर खड़ी फसल क्षतिग्रस्त हो जाएंगी। '
सब्जियां महंगी होंगी तो दाल के दाम पर भी असर पड़ेगा- एक्सपर्ट
उनके मुताबिक, 'जलभराव की वजह से वायरस और विल्ट फसल को सड़ा देंगे, जिसके चलते कीमतें काफी हद तक बढ़ जाएंगी।' इस मौसम में दिल्ली समेत देश के कई राज्यों तक मुख्य रूप से हिमाचल से ही पत्तागोफी, फूलगोफी और शिमला मिर्च की सप्लाई होती है। उनका कहना है 'सब्जियों की ज्यादा कीमतों की वजह से उपभोक्ता दालों की ओर रुख करेंगे।' ऐसे में पहले से काफी महंगी बिक रहीं दालों की कीमतें और भी बढ़ सकती हैं।
कई राज्यों में हो रही है भारी बारिश
पिछले हफ्ते से दिल्ली समेत हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, लद्दाख और जम्मू एवं कश्मीर में भारी बारिश हो रही है। इसकी वजह से पहाड़ी इलाकों में कई महत्वपूर्ण सड़कों पर भूस्खलन की घटनाओं के चलते यातायात भी प्रभावित हुई है। इससे पहाड़ों से होने वाली फलों और सब्जियों की सप्लाई में रुकावटें पैदा हुई हैं।
थोक बाजार में 140 से 150 रुपए किलो पहुंच सकता है टमाटर-कारोबारी
राजधानी दिल्ली के आजादपुर होलसेल मार्केट के एक टमाटर कारोबारी अमित मलिक ने कहा, 'हमें चिंता है कि टमाटर का थोक भाव एक हफ्ते में 140 से 150 रुपए प्रति किलो तक पहुंच सकता है। क्योंकि, भारी बारिश के कारण उत्तर भारत के राज्यों से आपूर्ति कम हो जाएगी।'
इस समय देश में टमाटर का होलसेल भाव 40 रुपए से 110 रुपए किलो तक है और खुदरा बाजार में यह 100 रुपए से लेकर 160 रुपए किलो तक बिक रहा है। ऐसे में अगर थोक भाव में ही भारी बढ़ोतरी की आशंका है तो आम उपभोक्ताओं को क्या भाव पड़ेगा, इसका तो अनुमान ही परेशान करने वाला है।
अगस्त से पहले कीमतें कम होने के आसार नहीं
पिछले साल हुए नुकसान की वजह से किसानों ने पहले ही टमाटर की खेती में कमी की थी। उसके बाद बारिश में देरी ने बची हुई फसलों को नुकसान पहुंचाया। ऐसे में जानकारों को लगता है कि आम उपभोक्ता इसकी कीमतों में गिरावट के लिए अगस्त तक का इंतजार कर सकते हैं। क्योंकि, तब तक महाराष्ट्र के सोलापुर, पुणे, नाशिक से नई पैदावार बाजारों में आने शुरू हो सकते हैं। हिमाचल के सोलन की भी फसलों की इंतजार है। लेकिन, भारी बारिश का वहां की फसल पर कितना असर पड़ा है, यह देखने वाली बात होगी।
देश के कुछ शहरों में टमाटर के भाव में पिछले एक महीने में बढ़ोतरी देखें-
बेंगलुरु: 13 रुपए किलो (1 जून, 2023), 90 रुपए किलो (9 जुलाई, 2023)
दिल्ली: 21 रुपए किलो (1 जून, 2023), 127 रुपए किलो (9 जुलाई, 2023)
मुंबई: 22 रुपए किलो (1 जून, 2023), 130 रुपए किलो (9 जुलाई, 2023)
चेन्नई: 29 रुपए किलो (1 जून, 2023), 105 रुपए किलो (9 जुलाई, 2023)












Click it and Unblock the Notifications