No Toll Plaza: अगले 2 साल में देशभर से खत्म हो जाएंगे टोल नाका, रूस की GPS प्रणाली से होगा टोल का भुगतान
नई दिल्ली। टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम से आने वाले दो साल में आपको आजादी मिल जाएगी। दरअसल केंद्र सरकार देशभर के टोल प्लाजा को अब हमेशा के लिए खत्म करने की योजना बना रही है। इसके लिए सरकार जीपीएस आधारित टोल कलेक्शन की प्रक्रिया को अपनाने की योजना बना रही है। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय ने जीपीएस आधारित टोल कलेक्शन की प्रक्रिया को अगले दो वर्ष में शुरू करने जा रही है।
Recommended Video

दो साल में देश टोल नाका मुक्त हो जाएगा
केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि इस नई प्रणाली से देशभर में वाहनों का बाधारहित आवागमन हो सकेगा। नई प्रणाली के तहत गाड़ियों के आवागमन के आधार पर टोल फीस सीधे वाहन स्वामी के बैंक खाते से कट जाएगा। एसोचैम के एक कार्यक्रम में बोलते हुए गडकरी ने कहा कि सरकार ने जीपीएस प्रणाली को फाइनल कर दिया है, इसे रूस की सरकार की मदद से देशभर में लागू किया जाएगा। अगले दो वर्षों में भारत टोल नाका मुक्त हो जाएगा।

पुरानी गाड़ियों में भी लगेगा जीपीएस सिस्टम
जीपीएस आधारित टोल कलेक्शन प्रणाली से ना सिर्फ ट्रैफिक जाम कम होगा बल्कि सरकार को टोल प्लाजा और बैरियर की व्यवस्था के रखरखाव में होने वाले खर्च में भी बचत होगी। इससे सरकार को टोल से इकट्ठा होने वाली राशि में भी बढ़ोतरी होगी। बता दें कि अब जो नई कॉमर्शियल गाड़ियां बन रही हैं उनमे ट्रैकिंग सिस्टम लगा होता है, लेकिन अब सरकार पुरानी गाड़ियों में भी जीपीएस तकीनक को लगाने की योजना बना रही है।

टोल प्लाजा पर कलेक्शन बढ़ेगा
जब नई जीपीएस आधारित टोल प्रणाली लागू हो जाएगी तो नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की आय में बढ़ोतरी होगी और टोल से इकट्ठा होने वाली राशि पांच साल में 1.34 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच जाएगी। नितिन गडकरी ने कहा कि जीपीएस आधारित टोल कलेक्शन से अगले पांच साल में टोल कलेक्शन की राशि 134, 000 करोड़ तक पहुंच जाएगी। इसके साथ ही गडकरी ने उम्मीद जताई है कि वित्तीय वर्ष में टोल कलेक्शन 34000 करोड़ रुपए तक पहुंच सकता है।

फास्ट टैग प्रणाली और कारगर होगी
नई जीपीएस आधारित प्रणाली फास्ट टैग कलेक्शन को भी बेहतर करने में मदद करेगी। फास्ट टैग प्रणाली को पहले ही देशभर के टोल प्लाजा पर लागू कर दिया गया है। इस प्रणाली की मदद से गाड़ियों को नगद भुगतान के लिए टोल प्लाजा पर इंतजार नहीं करना पड़ता है। फास्ट टैग से सरकार को टोल प्लाजा पर होने वाले कलेक्शन में भी बढ़ोतरी हुई है। फास्ट टैग से भी गाड़ी का टोल शुल्क कार मालिक के बैंक खाते से अपने आप कट जाता है।












Click it and Unblock the Notifications