Today in Politics: PM मोदी आज से तीन दिन के गुजरात दौरे पर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ब्रिटेन के दौरे पर
Today in Politics 8 Jan 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सोमवार 8 जनवरी 10 जनवरी तक गुजरात के दौरे पर रहेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक शिखर समिट का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी वैश्विक नेताओं, शीर्ष वैश्विक निगमों के सीईओ के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।
पीएमओ ने बयान में कहा, वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट की परिकल्पना 2003 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में की गई थी। आज ये समावेशी विकास और सतत विकास के लिए व्यापार सहयोग, ज्ञान साझा करने और रणनीतिक साझेदारी के लिए सबसे प्रतिष्ठित वैश्विक मंचों में से एक के रूप में विकसित हुआ है।

'विकसित भारत संकल्प यात्रा' के लाभार्थियों से संवाद करेंगे PM मोदी
इसके अलावा पीएम नरेंद्र मोदी 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' के लाभार्थियों से भी संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी नई दिल्ली से शामिल होंगे।
ये कार्यक्रम दोपहर 12: 30 बजे है। पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए से विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों से संवाद करेंगे।
CM अरविंद केजरीवाल गुजरात में जनसभा को करेंगे संबोधित
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान इन दिनों गुजरात दौरे पर हैं। सीएम अरविंद केजरीवाल आज गुजरात में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं वन कर्मचारियों से मारपीट एवं फायरिंग के मामले में जेल में बंद आप के विधायक चैतर वसावा से मुलाकात करेंगे।
आज से तीन दिवसीय ब्रिटेन दौरे पर राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज से तीन दिन के ब्रिटेन दौरे पर रहेंगे। 22 साल बाद देश के किसी रक्षा मंत्री का लंदन दौरा होने जा रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रक्षा, सुरक्षा और औद्योगिक सहयोग से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करने के लिए अपने यूके समकक्ष ग्रांट शाप्स के साथ द्विपक्षीय बैठक करने के लिए 8 जनवरी को लंदन जाएंगे।
राजनाथ सिंह ने कहा है कि, "मैं 8 से 10 जनवरी तक लंदन (यूनाइटेड किंगडम) में रहूंगा, जिसके दौरान मैं अपने यूके समकक्ष, ग्रांट शाप्स के साथ द्विपक्षीय बैठक करूंगा। रक्षा, सुरक्षा और औद्योगिक सहयोग के व्यापक मुद्दों पर चर्चा करने के लिए मैं उत्सुक हूं।"












Click it and Unblock the Notifications