Today in Politics: झारखंड CM हेमंत सोरेन को तलाश रही ED की टीम, महाविकास अघाड़ी में सीट शेयरिंग पर होगी बात
Today in Politics: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम तलाश रही है। जमीन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में सीएम हेमंत सोरेन फंसते नजर आ रहे हैं।
ईडी की टीम 29 जनवरी को सीएम हेमंत सोरेन के दिल्ली स्थित शांति निकेतन आवास पर पहुंची थी। सुबह 7 बजे से छापेमारी शुरू की, जो देर रात तक चली। इस दौरान आवास पर सीएम हेमंत सोरेन मौजूद नहीं थे। अब ईडी की टीम हेमंत सोरेन को तलाश रही है।

ईडी की टीम ने सीएम हेमंत सोरेन को लेकर एयरपोर्ट पर भी अलर्ट भेज दिया है। इसी बीच ये खबर सामने आ रही है कि सत्ता पक्ष गठबंधन के विधायकों को अपना सामान लेकर रांची में एक जगह इकट्ठा होने को कहा गया है। जिसके बाद कांग्रेस के विधायक और मंत्री मुख्यमंत्री आवास पहुंच रहे हैं।
ED के सामने तेजस्वी यादव आज होंगे पेश
लैंड फॉर जॉब मामले में आज बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव से ईडी की टीम पूछताछ करेगी। इससे पहले राजद सुप्रीमो लालू यादव से ईडी ने इसी मामले में पूछताछ की थी।
तेजस्वी यादव सुबह 10 बजे पटना के बैंक रोड स्थित ED दफ्तर में पेश होंगे। तेजस्वी को ईडी ने 5 जनवरी को पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया था लेकिन वो पेश नहीं हुए थे।
महाविकास अघाड़ी में सीट शेयरिंग को लेकर होगी बात
लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों के बंटवारे के लिए महाविकास अघाड़ी में सीट शेयरिंग को लेकर आज फिर से बातचीत होगी। महाविकास अघाड़ी गठबंधन द्वारा आज मुंबई में बैठक बुलाई गई है।
संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी संसद में नेताओं के साथ करेंगे बैठक
संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी संसद का अधिवेशन शुरू होने से पहले संसद के दोनों सदनों में राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। यह सर्वदलीय बैठक आज सुबह 11:30 बजे संसद पुस्तकालय भवन, नई दिल्ली में होगी।
संसद का अधिवेशन 31 जनवरी 2024 को राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ शुरू होगा और 9 फरवरी 2024 को समाप्त हो सकता है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी 2024 को अंतरिम केंद्रीय बजट पेश करेंगी।












Click it and Unblock the Notifications