Today In Politics: PM मोदी रेलवे से जुड़ी 41,000 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात, जानें बड़े अपडेट
Today In Politics: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सोमवार 26 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 41,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की लगभग 2,000 रेलवे बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन करेंगे।
पीएम मोदी रेलवे स्टेशनों को बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाते हुए 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत 553 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास का शिलान्यास करेंगे। 27 राज्यों में स्थित इन स्टेशनों का 19,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुनर्विकास किया जाएगा।

इसके अलावा पीएम मोदी उत्तर प्रदेश में गोमती नगर स्टेशन का उद्घाटन करेंगे, जिसका लगभग 385 करोड़ रुपये की कुल लागत से पुनर्विकास किया गया है।
पीएम मोदी आज 1500 रोड ओवरब्रिज और अंडरपास का शिलान्यास भी करेंगे। ये रोड ओवरब्रिज और अंडरपास 24 राज्यों में स्थित हैं। लगभग 21,520 करोड़ रुपये की लागत से इन परियोजनाओं का निर्माण किया गया है।
PM मोदी 'भारत टेक्स 2024' का करेंगे उद्घाटन
पीएम मोदी आज सुबह 10:30 बजे नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में देश में आयोजित होने वाले टेक्सटाइल (वस्त्र) से जुड़े वैश्विक स्तर के अब तक के सबसे बड़े कार्यक्रमों में से एक, 'भारत टेक्स 2024' का उद्घाटन करेंगे।
'भारत टेक्स 2024' का आयोजन 26 से 29 फरवरी के दौरान किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में फाइबर, फैब्रिक और फैशन के जरिए खेत (फार्म) से लेकर विदेश (फॉरेन) पर फोकस किया गया है। यह आयोजन टेक्सटाइल क्षेत्र में भारत की शक्ति को दिखाएगा।
CM केजरीवाल से आज हो सकती है पूछताछ
दिल्ली शराब घोटाले मामले में सीएम अरविंद केजरीवाल से आज ईडी पूछताछ कर सकती है। ईडी ने सीएम केजरीवाल को 7वां समन जारी किया था।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ रहेंगे मिजोरम दौरे पर
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज आइजोल, मिजोरम के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। अपनी यात्रा के दौरान धनखड़ मिजोरम विश्वविद्यालय के 18वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस दौरान उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आइजोल में नौवीं मिजोरम विधानसभा को भी संबोधित करेंगे। अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान धनखड़ आइजोल में राजभवन का भी दौरा करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications