Today In Politics: PM मोदी का भूटान दौरा स्थगित, CM केजरीवाल को ED ने पूछताछ के लिए बुलाया
Today In Politics: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आज गुरुवार 21 मार्च से भूटान की दो दिवसीय यात्रा स्थगित कर दी गई है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक भूटान में खराब मौसम की वजह से पीएम मोदी की भूटान यात्रा रोकी गई है।
फिलहाल विदेश मंत्रालय ने कहा है कि पीएम मोदी भूटान की यात्रा पर अब कब जाएंगे, इसके लिए नई तारीखों पर विचार किया जा रहा है। अभी कोई दूसरी तारीख तय नहीं की गई है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि, ''पारो हवाई अड्डे पर फिलहाल मौसम बहुत खराब है, जिसकी वजह से यह फैसला लिया गया है कि पीएम मोदी की 21-22 मार्च को होने वाली भूटान की राजकीय यात्रा स्थगित की गई है।''
पीएम मोदी भूटान दौरे पर वहां के राजा महामहिम जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और भूटान के चौथे राजा महामहिम जिग्मे सिंग्ये वांगचुक से मुलाकात करने वाले थे। इसके अलावा पीएम मोदी भूटान के प्रधानमंत्री महामहिम शेरिंग टोबगे के साथ भी बैठक करने वाले थे।
ED ने सीएम केजरीवाल को पूछताछ के लिए बुलाया
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली शराब घोटाले मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को 9वां समन भेजकर आज 21 मार्च को पूछताछ के लिए बुलाया है।
ईडी ने सीएम अरविंद केजरीवाल को पहला समन 2 नवंबर 2023 को भेजा था। इसके बाद उन्हें 8 बार और समन भेजा जा चुका है लेकिन वो किसी बार पेश नहीं हुए हैं। आप का कहना है कि पेशी के बाद सीएम केजरीवाल को गिरफ्तार किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications