Today in Politics: CM केजरीवाल की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, PM मोदी और राहुल गांधी रहेंगे केरल में
Today in Politics: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा उनकी गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट सुनवाई करेगा। जस्टिस संजीव खन्ना और दीपांकर दत्ता की बेंच इस मामले की सुनवाई करेगी।

इस महीने की शुरुआत में दिल्ली हाई कोर्ट ने ईडी द्वारा उनकी गिरफ्तारी को बरकरार रखा था। हाई कोर्ट ने कहा था कि, ''वह (केजरीवाल) कथित तौर पर दो पदों पर मनी लॉन्ड्रिंग के अपराध में शामिल हैं। वह उत्पाद शुल्क नीति के निर्माण और रिश्वत की मांग में शामिल थे। वहीं पीएमएलए की धारा 70(1) के मुताबिक आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक के तौर में 2022 के गोवा चुनावों में आप के चुनाव अभियान में 45 करोड़ की अपराध आय का इस्तेमाल किया गया है।''
Recommended Video
सीएम अरविंद केजरीवाल को पिछले महीने दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति मामले से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में ईडी ने गिरफ्तार किया था। पिछले हफ्ते दिल्ली की एक अदालत ने उन्हें 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
PM मोदी और राहुल गांधी आज करेंगे केरल में चुनावी रैली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज सोमवार (15 अप्रैल) को केरल में होंगे और आगामी लोकसभा चुनावों के लिए अपने अभियानों के तहत अलग-अलग जगहों पर रैलियां करेंगे।
पीएम मोदी तिरुवनंतपुरम और त्रिशूर में दो सार्वजनिक बैठकों में हिस्सा लेंगे। वहीं राहुल गांधी अपने निर्वाचन क्षेत्र वायनाड में एक जनसभा करेंगे। राहुल गांधी वायनाड लोकसभा सीट से दूसरी बार चुनाव लड़ेंगे।
सूत्रों ने कहा कि, पीएम मोदी की केरल में रैली पार्टी की स्थिति मजबूत करने के लिए की जा रही है। भाजपा ने कभी भी केरल में लोकसभा सीट नहीं जीती है।
पार्टी ने तिरुवनंतपुरम से केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर को मैदान में उतारा है, जहां कांग्रेस के शशि थरूर मैदान में हैं, जबकि त्रिशूर से अभिनेता सुरेश गोपी को मैदान में उतारा है। केरल की सभी 20 लोकसभा सीटों पर 26 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होना है।












Click it and Unblock the Notifications