TN Election 2026: TVK शुक्रवार को करेगी 234 उम्मीदवारों का ऐलान, क्या DMK का किला हिला पाएंगे सुपरस्टार विजय?
TN Election 2026: तमिलनाडु की राजनीति में शुक्रवार, 27 मार्च का दिन एक ऐतिहासिक मोड़ साबित हो सकता है। अभिनेता से राजनेता बने विजय (Thalapathy Vijay) की पार्टी 'तमिलगा वेट्री कजगम' (TVK) मामल्लापुरम में आयोजित होने वाली एक विशाल जनसभा में राज्य की सभी 234 विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा कर सकती है।
इसके साथ ही विजय ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी किसी भी द्रविड़ दिग्गज (DMK या AIADMK) या राष्ट्रीय दल (BJP या Congress) के साथ गठबंधन नहीं करेगी और अकेले चुनावी रण में उतरेगी।

इस रणनीति ने तमिलनाडु के पारंपरिक दो पार्टी मुकाबले को अब एक दिलचस्प चतुष्कोणीय (Four-cornered) संघर्ष में बदल दिया है।
TVK Mamallapuram Rally: मामल्लापुरम में शक्ति प्रदर्शन: मंच पर खुद उतरेंगे विजय
पार्टी सूत्रों के अनुसार, आज 27 मार्च को मामल्लापुरम की धरती से विजय न केवल अपने उम्मीदवारों को पेश करेंगे, बल्कि अपनी पार्टी का चुनावी रोडमैप और विजन डॉक्यूमेंट भी जनता के सामने रखेंगे। राजनीतिक गलियारों में चर्चा जोरों पर है कि विजय खुद चेन्नई की पेरम्बूर निर्वाचन क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतरेंगे।
हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होने की उम्मीद है। विजय का मुख्य फोकस राज्य के युवा और फर्स्ट टाइम वोटर्स पर है, जो उनके सिनेमाई करियर के कारण उनके प्रति जबरदस्त दीवानगी रखते हैं।
क्या DMK के लिए 'खतरे की घंटी' हैं विजय?
तमिलनाडु में सत्ता पर काबिज DMK (द्रविड़ मुनेत्र कड़गम) के लिए विजय की पार्टी एक बड़ी चुनौती बनकर उभरी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि TVK का उदय सीधा DMK के वोट बैंक में सेंध लगा सकता है। राज्या में एंटी-इंकंबेंसी का लाभ विजय को मिल सकता है।
मौजूदा सरकार के खिलाफ असंतोष रखने वाला युवा वर्ग अब AIADMK या BJP के बजाय एक नए और 'ग्लैमरस' विकल्प (विजय) की ओर आकर्षित हो रहा है। विजय ने खुद को एक ऐसे विकल्प के रूप में पेश किया है जो द्रविड़ विचारधारा की बात तो करता है, लेकिन परिवारवाद और भ्रष्टाचार से मुक्त होने का दावा करता है।
विजय की TVK को द्रविड़ राजनीति का नया चेहरा के तौर पर देखा जा रहा है। यदि TVK 8-10% वोट भी हासिल करने में कामयाब रहती है तो इसका सीधा नुकसान सत्तारूढ़ गठबंधन को होगा क्योंकि विजय का समर्थक आधार काफी हद तक वही है जो पारंपरिक रूप से DMK को वोट देता रहा है।
थर्ड फ्रंट या किंग मेकर बनेंगे: क्या कहते हैं सर्वे?
चुनाव की तारीखों के एलान (23 अप्रैल को मतदान) के बाद आए 'अग्नि न्यूज' और अन्य ओपिनियन पोल्स ने मुकाबला बेहद कड़ा बताया है। सर्वे के अनुसार, विजय भले ही रेस में पीछे हों लेकिन उनकी मैदान में उपस्थिति काफी असरदार है।
फिलहाल TVK तीसरे या चौथे स्थान पर दिख रही है लेकिन पार्टी का वोट शेयर निर्णायक साबित हो सकता है। यदि त्रिशंकु विधानसभा (Hung Assembly) की स्थिति बनती है तो विजय की पार्टी 'किंग मेकर' के रूप में उभर सकती है।
हालांकि, मैदान में अब DMK और AIADMK के अलावा विजय की TVK और सीमान की NTK (नाम तमिलर काची) भी अकेले लड़ रही हैं। सीमान की पार्टी पहले ही 8% वोट शेयर के साथ मान्यता प्राप्त दल बन चुकी है ऐसे में विजय के लिए अपनी लोकप्रियता को वोटों में बदलना एक बड़ा 'लिटमस टेस्ट' होगा।
28 मार्च से 'सुपरफास्ट' प्रचार- चेन्नई के गढ़ में उतरेंगे थलापति
उम्मीदवारों की घोषणा के ठीक अगले दिन यानी 28 मार्च से विजय अपना तूफानी दौरा शुरू करेंगे। वे चेन्नई के कोलाथुर (मुख्यमंत्री एमके स्टालिन का क्षेत्र), विल्लीवाक्कम, अन्ना नगर और विरुगंबक्कम जैसे हाई-प्रोफाइल निर्वाचन क्षेत्रों में जनसभाएं करेंगे।
विजय की पार्टी पुडुचेरी की भी सभी 30 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने ही विजय को अपने पाले में लाने की कोशिश की थी लेकिन सुपरस्टार ने किसी भी गठबंधन का हिस्सा बनने के बजाय 'स्वतंत्र पहचान' को चुना है।












Click it and Unblock the Notifications