महुआ मोइत्रा ने TMC का ट्विटर किया अनफॉलो, पार्टी ने की थी मां काली पर बयान की निंदा
हिंदू देवी मां काली के सिगरेट पीते हुए पोस्टर पर बवाल जारी है। इस बीच तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने काली देवी पर उनकी टिप्पणियों से अपनी पार्टी के दूर होने के बाद तृणमूल कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल को अन
नई दिल्ली, 06 जुलाई : हिंदू देवी मां काली के सिगरेट पीते हुए पोस्टर पर बवाल जारी है। इस बीच तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने काली देवी पर उनकी टिप्पणियों से अपनी पार्टी के दूर होने के बाद तृणमूल कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल को अनफॉलो कर दिया है। हालांकि, महुआ मोइत्रा अभी भी टीएमसी सुप्रीमो और बंगाल की सीएम ममता बनर्जी को फॉलो कर रही हैं।

बता दें कि महुआ मोइत्रा इंडिया टुडे के कार्यक्रम में मां काली के पोस्टर पर चल रहे बवाल पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि मां काली उनके लिए मांस खाने वाली और शराब पीने वाली देवी थीं। इसके बाद टीएमसी ने उनके बयान से किनारा कर लिया। टीएमसी के किनारे के बाद महुआ ने पार्टी के ट्विटर को अनफॉलो कर दिया।
मां काली को व्हिस्की चढ़ाते हैं
महुआ ने कहा कि जब आप सिक्किम जाएंगे तो आप देखेंगे कि वहां के लोग देवी काली को व्हिस्की चढ़ाते हैं। लेकिन अगर आप उत्तर प्रदेश जाते हैं और अगर आप उनसे कहते हैं कि आप देवी को 'प्रसाद' के रूप में व्हिस्की चढ़ाएंगे तो वे इसे ईशनिंदा कहेंगे।
टीएमसी ने की निंदा
बता दें कि विवाद के बीच बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म का पोस्टर हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसमें कई लोगों ने कहा कि यह पोस्टर हिंदू देवी का अपमान है और धार्मिक भावनाओं को आहत करता है।टीएमसी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से लिखा कि महुआ मोइत्रा का देवी काली पर बयान उनकी निजी टिप्पणी हो सकती है। पार्टी किसी भी तरीके या रूप में इसको समर्थन नहीं करती है। अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस इस तरह की टिप्पणियों की कड़ी निंदा करती है।
बीजेपी ने टीएमसी पर की तीखी टिप्पणी
पश्चिम बंगाल भाजपा प्रमुख सुकांत मजूमदार ने टीएमसी पर तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि महुआ मोइत्रा की टिप्पणियों से टीएमसी खुद को अलग नहीं कर सकती है। यदि टीएमसी वास्तव में इसका समर्थन नहीं करती है, तो उन्हें कार्रवाई करनी चाहिए। उन्हें या तो निष्कासित करना चाहिए या उन्हें कुछ दिनों के लिए पार्टी से निलंबित कर देना चाहिए। हमारी महिला मोर्चा धरना देगी, पुलिस स्टेशन जाएगी और अनुरोध करेगी कि महुआ मोइत्रा को गिरफ्तार किया जाए।












Click it and Unblock the Notifications