'संविधान मुझे इजाजत देता है कि मैं जब चाहूं मीट खा सकती हूं'
नवरात्रि के दौरान मीट की दुकानों पर प्रतिबंध को लेकर टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने एक बड़ा बयान दिया है।
नई दिल्ली, 6 अप्रैल: नवरात्रि में मीट की दुकानें बंद करने को लेकर देश की राजनीति गरमाई हुई है। सबसे पहले यूपी के गाजियाबाद में मेयर आशा शर्मा ने फरमान जारी किया कि नवरात्रि के दौरान शहर में मीट की दुकानें बंद रहेंगी। हालांकि जब उनके इस आदेश पर विवाद हुआ तो उन्होंने इसे संशोधित कर दिया। इसके बाद दिल्ली में भाजपा के दो मेयरों ने भी ईस्ट दिल्ली और साउथ दिल्ली में नवरात्रि के दौरान मीट बेचने पर प्रतिबंध की बात कही। इस मामले पर अब टीएमसी की लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा ने एक बड़ा बयान दिया है।
Recommended Video

महुआ मोइत्रा ने क्या बयान दिया
महुआ मोइत्रा ने बुधवार को इस मामले पर ट्वीट करते हुए कहा, 'मैं साउथ दिल्ली में रहती हूं। मेरे देश का संविधान मुझे इजाजत देता है कि मैं जब चाहूं मीट खा सकती हूं और इसी तरह संविधान किसी दुकानदार को भी अपना व्यापार चलाने की आजादी देता है।' आपको बता दें कि हाल ही में साउथ दिल्ली के मेयर मुकेश सूर्यन ने एक चिट्ठी लिखते हुए मांग की, कि उनके नगर निगम इलाके में नवरात्रि के दौरान मीट की दुकानें बंद रखी जाएं। हालांकि अधिकारियों को अभी तक इस संबंध में कोई लिखित आदेश नहीं मिला है।

इससे सद्भाव को बढ़ावा मिलेगा- मेयर श्याम सुंदर अग्रवाल
साउथ दिल्ली के मेयर के बाद ईस्ट दिल्ली के मेयर ने भी यही मांग उठाई। ईस्ट दिल्ली के मेयर श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा, 'फिलहाल ये केवल एक अपील है। नवरात्रि के दौरान हम लोग प्याज-लहसुन का भी सेवन नहीं करते हैं। इसलिए, मैंने सभी मांस विक्रेताओं से हिंदू भावनाओं को समझने और नवरात्रि के दौरान अपनी दुकानें बंद करने की अपील की है। इससे सद्भाव को बढ़ावा मिलेगा, इसलिए मेरी उनसे यही अपील है। इसके अलावा हमारा एक नियम यह भी है कि सप्तमी, अष्टमी और नवरात्रि के दिन बूचड़खाने नहीं चलेंगे। बूचड़खाने बंद रहेंगे तो मांस नहीं बिकेगा।'

'दिल्ली ही नहीं, पूरे देश में लगे प्रतिबंध'
वहीं, भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने अपनी पार्टी के दोनों मेयर की मांग का समर्थन करते हुए ना केवल दिल्ली, बल्कि पूरे देश में नवरात्रि के दौरान मीट की दुकानों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। प्रवेश वर्मा ने कहा, 'नवरात्रि हिंदुओं का एक ऐसा त्योहार है, जिसमें लोग उपवास रखते हैं और देवी मां की पूजा करते हैं। इसलिए, चाहे मुस्लिम समुदाय हो या फिर कोई और, उन्हें इसका सम्मान करना चाहिए, क्योंकि ये हमारी संस्कृति है। ना केवल दिल्ली, बल्कि पूरे देश में नवरात्रि के दौरान मीट की दुकाने बंद रखनी चाहिए।'
ये भी पढ़ें- दुनिया आज दो गुटों में बंटी है, लेकिन भारत मानवता के पक्ष में खड़ा है- पीएम मोदी











Click it and Unblock the Notifications