'अमित शाह का सिर काटकर टेबल पर रख देना चाहिए', बयान देकर चौतरफा घिरीं महुआ मोइत्रा, FIR भी दर्ज
Mahua Moitra On Amit Shah: पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा गृह मंत्री अमित शाह पर विवादित बयान देकर चौतरफा घिर गई है। महुआ मोइत्रा ने शुक्रवार (29 अगस्त) नादिया जिले में घुसपैठ मुद्दे पर कहा कि देश के सीमा सुरक्षा की जिम्मेदारी गृह मंत्रालय की है, अगर फिर भी घुसपैठ हो रही है तो अमित शाह का सिर काटकर टेबल पर रख देना चाहिए।
महुआ मोइत्रा के विवादित बयान पर बड़ा राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया। इस टिप्पणी को लेकर एक भाजपा नेता ने महुआ मोइत्रा के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। नदिया जिले की बीजेपी ने कोतवाली थाने में महुआ मोइत्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल तृणमूल कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

'महुआ की भाषा और आतंकी मानसिकता एक है'
बीजेपी ने मोइत्रा के बयान को "गंभीर रूप से आपत्तिजनक" और "लोकतांत्रिक संवाद का अपमान" बताया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि इस तरह की भाषा राजनीति और समाज के लिए बेहद खतरनाक है। पश्चिम बंगाल बीजेपी ने एक्स पर लिखा, "महुआ की भाषा और आतंकी मानसिकता एक है।''
बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने पत्रकारों से कहा, "महुआ को देखकर यह समझ में आता है कि अंग्रेजी जान लेना यह साबित नहीं करता कि उन्होंने सही शिक्षा प्राप्त की है।"
पढ़ें महुआ मोइत्रा का अमित शाह पर दिया पूरा बयान?
पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में मीडिया से बातचीत के दौरान महुआ मोइत्रा ने केंद्र सरकार पर सीमा सुरक्षा की जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा -"अगर कोई हमारी सीमा की रक्षा नहीं कर रहा, अगर हर दिन दूसरे देश के लोग यहां घुसपैठ कर रहे हैं और हमारे नागरिक शिकायत कर रहे हैं कि घुसपैठिए हमारी माताओं और बहनों पर नजर गड़ा रहे हैं, तो पहला काम अमित शाह का सिर काटकर उसे आपकी टेबल पर रख देना होना चाहिए।"
पीएम मोदी के भाषण का भी किया जिक्र
महुआ मोइत्रा ने पीएम मोदी के स्वतंत्रता दिवस भाषण का हवाला देते हुए कहा -"लाल किले से प्रधानमंत्री कहते हैं कि घुसपैठिए जनसांख्यिकी में बदलाव ला रहे हैं। जब पीएम यह कह रहे थे, तब उनके गृहमंत्री पहली पंक्ति में खड़े होकर मुस्कुरा रहे थे।"
उन्होंने आगे कहा कि सरकार घुसपैठियों की बात करती है, लेकिन हमारी सीमाओं की सुरक्षा पांच फोर्सेज करती हैं, जो सीधे तौर पर गृहमंत्री के अधीन आती हैं।
महुआ मोइत्रा का सोशल मीडिया पर सफाई और तंज
बयान के बाद आलोचनाओं से घिरी महुआ मोइत्रा ने X (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी सफाई में लिखा -"BJP ट्रोल सेल की रणनीति यही है - एक मुद्दा उठाओ, अपने सभी पालतू अकाउंट्स को दो और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दो। आज का थीम है -महुआ मोइत्रा का Off With His Head मेटाफर। लंबी उम्र मेरी बदनामी की। मजा आ रहा है।" उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब सीमा पर BSF तैनात है, तब भी घुसपैठ क्यों जारी है?












Click it and Unblock the Notifications