चुनाव आयोग से मिला टीएमसी का प्रतिनिधिमंडल, बंगाल में निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव के लिए की मांग
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में 'निष्पक्ष' चुनाव की मांग बीजेपी और टीएमसी दोनों पार्टियों की तरफ से उठाई जा चुकी है। पहले तो बीजेपी ने चुनाव आयोग से बंगाल में निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराने की मांग की थी और अब शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग से मिला। इस प्रतिनिधिमंडल में सौगत रॉय, महुआ मोइत्रा और हाल ही में टीएमसी जॉइन करने वाले यशवंत सिन्हा शामिल थे। इन सभी ने चुनाव आयोग से 'पश्चिम बंगाल में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव' कराने के मुद्दे पर चर्चा की।

इन 3 अहम बिंदुओं को लेकर टीएमसी की EC से हुई चर्चा
इस मुलाकात के बाद महुआ मोइत्रा ने बताया कि आज हम चुनाव आयोग से 3 अहम बिंदुओं को लेकर मिले। महुआ मोइत्रा ने बताया कि हमने चुनाव आयोग के समक्ष पहला मुद्दा तो ये रखा कि वोटिंग के दौरान पोलिंग बूथ के 100 मीटर के दायरे में सिर्फ केंद्रीय सुरक्षाबल ही तैनात रहेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हुए हमले की 100 फीसदी सही जांच होनी चाहिए और विस्तृत रिपोर्ट चुनाव आयोग को सौंपनी चाहिए। इसके अलावा वीवीपैट की केवल 5 फीसदी जांच हो।
बीजेपी भी उठा चुकी है शांतिपूर्ण चुनाव होने की मांग
आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्ण चुनाव की मांग लंबे समय से उठती रही है। टीएमसी से पहले बीजेपी ने भी चुनाव आयोग के समक्ष ये मांग रखी थी। पश्चिम बंगाल में 7 चरण में चुनाव होंगे। पहले चरण की शुरुआत 27 मार्च से होगी। बंगाल में 234 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होना है।












Click it and Unblock the Notifications