दिल्ली-हरियाणा-हिमाचल में आएगा 'रेतीला तूफान, मौसम विभाग ने दी चेतावनी , PMO ने पूछा सवाल
Recommended Video

नई दिल्ली। मौसम विभाग ने सोमवार को ये जानकारी दी है कि मंगलवार तक कुछ राज्यों में 'रेतीले तूफान' के आने की पूर्ण संभावना है। जिन राज्यों की बात विभाग कर रहा है वो दिल्ली, हरियाणा, उत्तरपूर्वी राज्य, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड हैं, जहां आंधी-बारिश के आने की आशंका है, इन जगहों पर बिजली चमकने और तेज हवाएं भी चलने की संभावना है। गौरतलब है कि मौसम विभाग 13 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में मौसम को लेकर रविवार को ही एलर्ट जारी कर चुका है।

इससे पहले आंधी-तूफान और तेज बारिश की आशंका के मद्देनजर हरियाणा सरकार ने दो दिन के लिए सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों की छुट्टियां घोषित कर दी है, जिसके बाद प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने मौसम विभाग से इस बारे में जानकारी मांगी कि आखिर किस तरह से हरियाणा सरकार को एडवाइजरी दी गई कि स्कूल बंद करने पड़ रहे हैं। जिस पर मौसम विभाग ने बड़ा ही हैरान करने वाला जवाब दिया है कि उनकी तरफ से हरियाणा सरकार को ऐसी कोई एडवाइजरी जारी नहीं की गई है, ये सरकार का अपना फैसला है।

यही नहीं ऐसा अनुमान है कि जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर भी आंधी-तूफान और ओलावृष्टि हो सकती है जबकि उत्तराखंड और पंजाब के कुछ स्थानों पर तेज बारिश आ सकती है और तेज हवाएं चल सकती हैं।
अब तक 149 लोगों की गई जान
आपको बता दें कि उत्तर भारत में बीते बुधवार देर रात आए आंधी-तूफान ने अब तक 149 लोगों की जान ले ली है। 400 से ज्यादा पशु भी मारे गए हैं। 132 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ़्तार से आए तूफान से सबसे ज्यादा मौतें यूपी के आगरा में हुई थी, जहां से 50 से ज्यादा लोगों के मरने की खबर है। इस तूफान ने भयंकर आर्थिक क्षति भी पहुंचाई है। यूपी और राजस्थान इस तूफान की वजह से सबसे ज्यादा क्षतिग्रस्त हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications