मजदूरों के लिए अब तक चलाई जा चुकी हैं 67 स्पेशल ट्रेन: रेल मंत्रालय
नई दिल्ली। रेल मंत्रालय की ओर से मंगलवार को बताया गया है कि मजदूरों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए ट्रेन चलाए जाने का सिलसिला जारी है। अब तक, 67 श्रमिक स्पेशल ट्रेन अवग-अलग जोनल से चलाई गई हैं। रेलवे की ओर से कहा गया है कि 4 मई तक 55 ट्रेन चलाई गई थीं। आज, बेंगलुरू, सूरत, साबरमती, जालंधर, कोटा, एर्नाकुलम से ट्रेनों का संचालन किया गया। आज ही रात तक 21 और ऐसी ट्रेनें मजदूरों को लेकर रवाना होंगी।

देश में लगातार लॉकडाउन के बीच घरों से दूर शहरों में फंसे लोगों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए 1 मई को केंद्र सरकार ने ट्रेन चलाए जाने की अनुमति दी है। जिसके बाद ट्रेनों का संचालन हो रहा है। देश के कई राज्य सरकारों ने केंद्र सरकार से स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग की थी।
Recommended Video
मजदूर कर रहे थे प्रदर्शन
देश में 24 मार्च को प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन का ऐलान कर दिया था। जिसके बाद परिवहन के तमाम साधन बंद कर दिए गए। अचानक हुए लॉकडाउन से लोग जहां थे, वहीं फंस गए। इसके बाद ये ही मजदूर लगातार प्रदर्शन कर रहे थे और घरों को भेजे जाने की मांग कर रहे थे। इस दौरान हजारों मजदूर तो पैदल ही घरों की ओर निकल गए और सैकड़ों किमी पैदल भी चले। ऐसे में सरकार ने मजदूरों को घर भेजे जाने के लिए बसों और ट्रेन चलाने को इजाजत दी है।
बता दें कि लॉडाउन को पहले 24 मार्च से 14 अप्रैल तक लगाया गया था। इसके बाद 3 मई तक और अब 17 मई तक बढ़ाया गया है। वहीं कोरोना वायरस का खतरा देश और दुनिया में बढ़ता ही जा रहा है। देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 46 हजार के पार पहुंच चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, भारत में कोविड-19 पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 46,433 हो गई है और 1568 मौतें हुई हैं। देश में इस समय 32138 एक्टिव केस हैं यानी इन लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं 12727 मरीज अब तक रिकवर हुए हैं और ठीक होकर घर जा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications