अगले कुछ घंटों में यूपी के इन 20 शहरों में आ सकता है आंधी-तूफान, रहें अलर्ट
नई दिल्ली। पूरे उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप जारी है, आसमानी तपिश से बुरी तरह से झुलस रहे लोग बेसब्री से मॉनसून के आने का इंतजार कर रहे हैं, भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक आज शाम तक यूपी के कुछ शहरों में आंधी-तूफान आ सकता है, यूपी के जिन शहरों में आज बारिश हो सकती हैं, उनके नाम हैं मिर्जापुर, अमेठी, बदायूं, बांदा, बहराइच, बाराबांकी, चित्रकूट, एटा, इटावा, फैजाबाद, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद, गोंडा, हरदोई, कन्नौज, कानपुर, रायपुर, लक्सर, मैनपुरी, मथुरा, पीलीभीत, प्रयागराज और रायबरेली, जहां आज गरज के साथ बिजली कड़क सकती है और बारिश हो सकती है।

दिल्ली में भी बारिश होने से मौसम हुआ सुहाना
वैसे रविवार को दिल्ली में भी बारिश होने से मौसम सुहाना हुआ है, यहां के तापमान में गिरावट आई है और विभाग ने कहा है कि शाम तक दिल्ली और इसके आस-पास के इलाकों में भी बारिश हो सकती है और तेज हवाएं चल सकती हैं।

चक्रवात 'वायु' ने मॉनसून की चाल बिगाड़ दी
गौरतलब है कि चक्रवात 'वायु' ने मॉनसून का खेल बुरी तरह से बिगाड़ दिया है जिस की वजह से पहले से ही लेट मॉनसून अब और लेट हो गया है और ये मुंबई में 7 दिन विलंब से पहुंचने वाला है, हालांकि चक्रवात की वजह से देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला है और बहुत जगहों बारिश भी हुई है, विभाग ने कहा है इलाकों में हो रही बारिश प्री-मॉनसून बारिश है।

यहां भी आ सकता है तूफान
मौसम विभाग के मुताबिक अरब सागर के मध्य पूर्वी और दक्षिण पूर्वी क्षेत्र में हवा के कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद मौसम विभाग ने इसके मद्देनजर दक्षिण और पश्चिमी इलाकों, केरल, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा में अगले दो दिनों तक तेज बारिश की आशंका है तो वहीं आज असम, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज बारिश हो सकती है और गरज के साथ बिजली कड़क सकती है और आंधी-तूफान आ सकता है।












Click it and Unblock the Notifications