केरल में 3 साल का बच्चा कोरोना से संक्रमित, आइसोलेशन वार्ड में रखा गया
तिरुवनंतपुरम। केरल में एक तीन साल का बच्चा कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। बच्चे ने हाल ही में इटली की यात्रा की थी। फिलहाल बच्चे को एर्नाकुलम मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। इसी से भारत में कोरोना वायरस के संक्रमित मामलों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है। इससे पहले केरल में पांच नए मामले सामने आए थे। इनमें से तीन लोगों ने इटली की यात्रा की थी और इनके वापस लौटने के बाद दो और लोग वायरस से संक्रमित हो गए।

इन पांच लोगों को पथानामथिट्टा के अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। जानकारी के मुताबिक पांचों लोग एक ही परिवार के हैं। पांच में 3 लोग बीते दिनों इटली से लौटे थे, जिसके कारण दो और लोगों को यह बीमारी हो गई। एहतियात बरतते हुए पथानामथिट्टा जिला कलेक्टर ने जिले के सभी शैक्षित संस्थानों में तीन दिन की छुट्टी की घोषणा कर दी है। हालांकि कक्षा 10वीं की परीक्षा शेड्यूल के अनुसार ही होंगी।
इस दौरान जिले के सभी स्कूलों को भी बंद किया गया है। भारत में अभी तक जितने भी मामले सामने आए हैं, उनमें अधिकतर केरल से ही हैं। भारत के शुरुआती तीन मामले भी केरल से ही सामने आए थे। जिसके बाद से ही भारत में इस वायरस को लेकर अलर्ट बढ़ गया है और दुनिया से आ रहे लोगों की हर एयरपोर्ट पर जांच की जा रही है।
कोरोना वायरस चीन के वुहान शहर से फैलना शुरू हुआ था और अब दुनिया के 70 से भी ज्यादा देश इसकी चपेट में आ गए हैं। वायरस दुनियाभर में 3500 से भी ज्यादा लोगों की जान ले चुका है और संक्रमित लोगों का आंकड़ा एक लाख को पार कर चुका है। चीन के बाद सबसे ज्यादा मौत इटली में हुई हैं। यहां अभी तक 366 लोगों की मौत हो गई है। इसके बाद ईरान में वायरस का अधिक प्रकोप है। यहां अभी तक 194 लोगों की मौत हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications