पुणे में डीजल की चोरी करते हुए पकड़े गए 3 पुलिसवाले, गिरफ्तार
पुणे में डीजल की पाइपलाइन तोड़कर अबतक तीन लाख रूपए का डीजल चुराने का मामला सामने आया है। इस मामले में 3 पुलिसवालों सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुणे। चोरों पर कड़ी नजर रख उनको सबक सिखाने का काम पुलिस का होता है, पर पुणे में अलग ही नजारा देखने मिला जहां चोरों को पकड़ने वाली पुलिस ही चोर निकली। इस चोरी में कोई एक ही पुलिस वाला शामिल नहीं था, बल्कि तीन पुलिसवाले शामिल थे जिन्होंने डीजल की चोरी में अहम भूमिका निभायी है।

तीन लाख का डीजल किया चोरी
पुणे के विमाननगर क्षेत्र में डीजल की पाइपलाइन तोड़कर अबतक तीन लाख रूपए का डीजल चुराने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस उपनिरीक्षक सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुणे पुलिस के डकैत प्रतिबंधक विभाग द्वारा यह कारवाई पेट्रोलिंग के दौरान की गई। यह मामला विमाननगर पुलिस स्टेशन में दाखिल किया गया है।

पुलिस के कहने पर की चोरी
इस मामले में पुलिस उप निरीक्षक रविंद्र भिडे (पुणे शहर), उपनिरीक्षक ठोंबरे (पुणे ग्रामीण), पुलिस सिपाही अविनाश श्रीमंत, इस्माइल पीर मोहम्मद शेख (उम्र 60), मोतीराम शंकर पवार और दिनेश अनिल पवार (उम्र 21) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी इस्माइल ने पुलिस पूछताछ में बताया कि दोनों पुलिस के कहने पर एचपीसीएल कंपनी के पेट्रोल/डीजल/केरोसीन पाइपलाइन में वॉल बैठाकर 5000 लीटर रूपए का डीजल चोरी करके साढ़े चार लाख रूपए में बेचा है। इस मामले में तालेरा फार्म लोहगांव स्थित पेट्रोल पंप से डीजल चोरी होने की रिपोर्ट भी कराई गई थी।

आपस में बांट लेते थे पैसे
इस्माइल के ऊपर 2007 में पुणे के भोसरी क्षेत्र से पेट्रोल पंप से पेट्रोल चोरी करने का अपराध दर्ज है। इस्माइल और ठोंबरे की मुलाकात नाकाबंदी के दौरान हुई, ठोंबरे ने इस्माइल को नाकाबंदी के दौरान पकड़ा था। फिर वहां से दोनों में दोस्ती हो गई। इस्माइल ने कबूल किया कि पुलिस के कहने पर यह चोरी की गई, डीजल बेचकर जो पैसे मिले उसे आपस में बांट लिया गया। पुलिस की इस चोरी वाली हरकत से पूरी पुणे पुलिस शर्मसार हो चुकी है। पुलिस अधिकारी ठोंबरे और भिड़े के खिलाफ एक साल पहले एंटी करप्शन द्वारा रिश्वत लेने की कारवाई भी की गई है। पर दोनों पुलिस वाले अपनी हरकत से बाज नहीं आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications