उत्तराखंड के मदकोट गांव में बादल फटा, 3 लोगों की मौत, 11 लापता
पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में बादल फटने से तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि 11 लोगों के लापता होने की खबर है। घटनास्थल पर बचाव दल मौजूद है। समाचार एजेंसी एएनआई ने जिला मजिस्ट्रेट पिथौरागढ़ वीके जोगदांडे के हवाले से बताया है कि बादल फटने से मदकोट गांव में तीन लोगों की मौत हो गई है। जबकि पड़ोसी गांव के लोग लापता हो गए हैं। लापता लोगों का पता लगाने के लिए बचाव अभियान जारी है।

इस मामले में उत्तराखंड सीएमओ की ओर से कहा गया है, उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र रावत ने पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी को निर्देश दिया है कि राहत और बचाव कार्य में कोई ढिलाई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रभावित लोगों को राहत राशि प्रदान करने के लिए भी कहा है। एसडीआरएफ की 2 टीमें राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं।
बता दें उत्तराखंड में अचानक भारी बारिश हुई है, जिसके बाद पिथौरागढ़ इलाके में बादल फट गया। घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत एसडीआरएफ की टीम पहुंची। पिथौरागढ़ के डीएम का कहना है कि प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है और उन्हें मुआवजा भी दिया जाएगा। हालांकि कई लोग अब भी बादल फंटने और भूस्खलन के बाद आए मलबे के कारण मुसीबत में फंसे हुए हैं, जिन्हें बचाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
घटना के बाद से जिले की मुंशीयरी सड़क भी बंद हो गई है। साथ ही पथरकोट में पहाड़ दरक गया है। इसके अलावा कटेजिया खुमती गांवों में भी भारी बारिश हुई है। मलबे में कई मवेशियों के दबने की खबर है। पिथौरागढ़ में शनिवार रात के बाद से ही भारी बारिश हो रही है। यहां बारिश के कारण गौरी नदी का जल स्तर भी काफी अधिक हो गया है।
उत्तराखंड एसडीआरएफ संजय गुंज्याल ने कहा, पिथौरागढ़ के 4 गांवों में बादल फटा है। पथरकोट में 3 लोग दबे थे जिसमें से 2 का शव बरामद कर लिया गया है। टांगा में 9-11 लोग गायब हैं। बाता/सिरतोला से घर और जानवरों को क्षति की खबर है। चौपर की व्यवस्था कर ली गई है पर मौसम खराब होने की वजह से कार्रवाई में देरी आ रही है।
राहत भरी खबरः नए शोध में लगी मुहर, मनुष्यों में कोरोना नहीं फैला सकते हैं मच्छर












Click it and Unblock the Notifications