राज्यसभा में हंगामा करने पर AAP के सुशील गुप्ता सहित तीन और सांसद सस्पेंड
नई दिल्ली, 28 जुलाई: संसद के मानसून सत्र में विपक्ष का हंगामा लगातार जारी है। ऐसे में सदन की कार्यवाही पूरी तरह से प्रभावित हो रही है। विपक्षी सांसद महंगाई और हाल ही में रोजमर्रा की चीजों पर लागू की गई जीएसटी के विरोध में संसद के अंदर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे है। सांसदों की ओर से अपनाए गए इस रवैए को लेकर राज्यसभा उपसभापति भी एक्शन मोड में हैं, जिसके चलते एक बार फिर तीन सांसदों को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं सदन दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित है।

आप सहित तीन सांसदों को किया निलंबित
राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने आम आदमी पार्टी सांसद सुशील कुमार गुप्ता सहित 3 और राज्यसभा सांसदों को इस हफ्ते की बची हुई सदन की कार्यवाही से निलंबित कर दिया है। आप सांसद सुशील गुप्ता, संदीप पाठक और निर्दलीय सांसद अजीत कुमार भुयान को सदन की कार्यवाही बाधित करने के लिए इस सप्ताह के लिए राज्यसभा से निलंबित कर दिया गया। इससे पहले आप सांसद संजय सिंह को भी सस्पेंड किया गया था। वहीं सदन दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
संसद के चल रहे मानसून सत्र के दौरान अब तक 23 राज्यसभा सांसदों और 4 लोकसभा सांसदों सहित कुल 27 सांसदों को निलंबित कर दिया गया है।
अब तक राज्यसभा के 23 सांसदों पर कार्रवाई
बुधवार को आप सांसद संजय सिंह को नारे लगाने, कागज फाड़ने और मंगलवार को आसन की ओर फेंकने के लिए चालू हफ्ते की बाकी की सदन की कार्यवाही से निलंबित कर दिया गया था। वहीं इससे पहले मंगलवार को राज्यसभा में जबरदस्त हंगामा कर रहे 19 सांसदों को निलंबित कर दिया गया, इन 19 सासंदों में सात टीएमसी, छह सांसद द्रमुक, तीन टीआरएस, दो सीपीएम और एक भाकपा से हैं।
सांसदों को विरोध प्रदर्शन जारी
वहीं निलंबन की कार्रवाई के विरोध में सांसद संसद भवन परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने अपना विरोध जता रहा हैं। टीएमसी सांसद शांता छेत्री, मौसम नूर और AAP सांसद संजय सिंह ने संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के पास सदन से सांसदों के निलंबल का विरोध किया। इसके अलावा 50 घंटों तक सांसदों का धरना प्रदर्शन भी जारी है।












Click it and Unblock the Notifications