पुलवामा में आतंकियों ने लूटा बैंक, तीन दिन में तीसरे बैंक पर आतंकियों ने बोला धावा
कुलगाम के बाद साउथ कश्मीर के पुलवामा में लुटा एक बैंक। तीन दिन के अंदर बैंक लूट की तीसरी वारदात। आतंकियों ने लूटे पांच लाख रुपए कैश।
पुलवामा। मंगलवार को कुलगाम के बाद साउथ कश्मीर के पुलवामा में बैंक लूटने की घटना हुई है। तीन दिनों के अंदर यह बैंक लूट की तीसरी घटना है। पुलवामा के इस बैंक से पांच लाख रुपए की नगदी लूट ली गई है। फिलहाल आतंकवादियों की तलाश के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने सर्च ऑपरेशन लॉन्च कर दिया है।

पांच लाख रुपए कैश आतंकियों ने लूटे
पुलवामा के इस बैंक में मास्क पहने तीन आतंकी बैंक में दाखिल हुए और उन्होंने कैशियर और बाकी लोगों को बंधक बना लिया था। इसके बाद उन्होंने पांच लाख रुपए कैश लूट लिए। इसके बाद आतंकी वहां से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। फिलहाल, आतंकियों को पकड़ने के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया है। मंगलवार को साउथ कश्मीर के ही कुलगाम में 24 घंटे के अंदर दूसरा बैंक लूट लिया गया है। यहां के कादर इलाके में मौजूद इलाकाई देहाती बैंक को लूटा गया था और 65,000 रुपए कैश के साथ आतंकी फरार हो गया।
सोमवार को भी लुटा था बैंक
सोमवार को आतंकियों ने कुलगाम में ही जम्मू कश्मीर बैंक को लूट लिया था। इस घटना के ठीक बाद एक और बैंक लूटने की घटना ने सुरक्षाबलों को परेशान कर दिया है। मंगलवार को जो घटना हुई उसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया है और बंदूकधारी की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि इस बैंक की लूट में आतंकवादियों का हाथ और उनके पूरे एक गैंग की तलाश जारी है। सोमवार को बैंक लूटने की जो घटना हुई थी उसमें पांच पुलिकर्मियों समेत बैंक के दो कर्मियों की भी मौत हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications