30 हजार का पिज्जा खाने वाले राहुल गांधी को 12000 की नौकरी नहीं दिखाई देती: गिरिराज सिंह
नई दिल्ली। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम राज्य मंत्री गिरिराज सिंह ने मंगलवार को कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए कहा कि "जो लोग 30,000 रुपये का पिज्जा खाते हैं उन्हें 12,000 रुपये की नौकरी नहीं दिखाई पड़ती है।" गिरिराज सिंह ने दावा किया कि उनके मंत्रालय ने 4 करोड़ नौकरियां दी है। हालांकि उन्होंने कहा कि इसमें से 70 प्रतिशत 12000 से कम वाली हैं। राहुल गांधी की ओर इशारा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'मैं उन लोगों को दिखाना चाहता हूं कि एक नौकरी कैसे पैदा की जाती है। जिन लोगों ने गरीबी नहीं देखी और इसके बारे में जानने के लिए रात के अंधेरे में कलावती के घर जाते हैं वह कहते हैं कि रोजगार नहीं है।

आपको बता दें कि हालिया दौर में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार कह रहे हैं कि मोदी सरकार में देश में रोजगार के अवसर पैदा नहीं हो पाए हैं। उनके इसी बयान पर गिरिराज सिंह ने हमला किया है। गिरिराज सिंह ने देश में किसानों के आंदोन को 'कांग्रेस की साजिश' करार दिया। उन्होंने कहा, "देश के कई हिस्सों में किसानों द्वारा जारी आंदोलन कांग्रेस की साजिश है।" उन्होंने कहा कि किसानों के आंदोलन का कुछ लोग ही समर्थन कर रहे हैं। किसानों का 10 दिवसीय आंदोलन एक जून से शुरू हुआ है। किसान कृषि उत्पादों के लिए उचित मूल्य के साथ ही ऋण माफी की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने दावा किया, 'मुद्रा योजना के तहत दिए गए ऋण के साथ उनके मंत्रालय ने 10 करोड़ लोगों को नौकरियां प्रदान कीं।' मंत्री ने कहा, 'मैं वस्त्र मंत्रालय और हस्तशिल्प की गिनती नहीं कर रहा हूं...अगर यूपीए ने 2010 और 2014 के बीच 11 लाख लोगों को उद्यमी को बनाया, तो हमने 16 लाख लोगों को उद्यमी बनाया है।' गिरिराज ने कहा कि कांग्रेस ने कर्नाटक में बहुसंख्यक हिंदुओं को बांटने की कोशिश की। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी गुजरात में जनेऊ पहन लेते हैं। वहीं कर्नाटक में कांग्रेस बीफ की पार्टी कराती है। उन्होंने कहा कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी की मानसिकता है कि देश टुकड़े-टुकड़े में बंट जाए। कांग्रेस की ये साजिश देशहित में नहीं है.। कांग्रेस देश में हिंदुओं को कमजोर करना चाहती है और इसके लिए सोनिया और राहुल गांधी ही पूरी तरह से जिम्मेदार हैं।












Click it and Unblock the Notifications