नहीं निकला कैश तो चोर रुपयों से भरे एटीएम मशीन लेकर हुए फरार
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में एक अजीब तरीके से चोरी करने का मामला सामने आया है। जब एटीएम मशीन से कैश चुराने में चोर नाकामयाब रहे तो पूरी एटीएम मशीन ही चोरी करके फरार हो गए। पुणे के कोंढवा में खड़ी मशीन चौक स्थित एक्सिस बैंक का एटीएम मशीन चोरी करने का मामला उजागर हुआ है। एटीएम सेंटर में कोई भी गार्ड नहीं था। सुबह लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। जब लोग एटीएम मशीन से पैसे निकालने आए तो एटीएम मशीन ही पूरी वहां से गायब थी।

इस मामले में पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, हिताची सर्विसेस कंपनी के चैनल मैनेजर देविदास अय्यर (उम्र 45) ने कोंढवा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार, कोंढवा के खड़ी मशीन चौक में दिन-रात ट्रैफिक रहती है। यातायात को देखते हुए चौक के बधेनगर में बैंक का एटीएम सेंटर है। यह एटीएम सेंटर सिर्फ एक महीने पहले ही शुरू किया गया था। एटीएम सेंटर में चोर तड़के घुसे थे। एटीएम मशीन से कैश निकालने की काफी कोशिश की, जब कैश नहीं निकले तो एटीएम मशीन के वायर काटकर और किसी तरह से एटीएम मशीन लेकर फरार हो गए।
इस एटीएम मशीन में 4 लाख 54 हजार 900 रुपए थे। इस बात की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस घटनास्थल पर जाकर निरीक्षण करके गई। एटीएम मशीन के पास कोई भी गार्ड तैनात नहीं होने की वजह से घटना को चोरों ने अंजाम दिया है। इस मामले की जांच पुलिस कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications