कमलनाथ के मंत्री बोले- वोट के लिए बीजेपी नेता हेमा मालिनी से नृत्य कराते हैं
भोपाल। मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार में मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा ने बीजेपी सांसद और मशहूर एक्ट्रेस हेमा मालिनी पर अभद्र टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के पास चिकने चेहरे हैं ही नहीं। बीजेपी का दुर्भाग्य है कि उसके पास खुरदुरे चेहरे हैं और ऐसे चेहरों को लोग नापसंद करते हैं। सज्जन सिंह वर्मा ने आगे कहा कि बीजेपी में एक हेमा मालिनी हैं, जिन्हें वोट के लिए बीजेपी के नेता नृत्य कराते रहते हैं। बीजेपी के कैलाश विजयवर्गीय की ओर से दिए गए 'चॉकलेटी चेहरे' वाले बयान पर प्रतिक्रिया के तौर पर सज्जन सिंह वर्मा ने यह टिप्पणी की।

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि कभी कोई कांग्रेस नेता मांग करता है कि करीना कपूर को भोपाल से लोकसभा चुनाव लड़ाया जाए तो कभी इंदौर से चुनावी उम्मीदवारी को लेकर सलमान खान के नाम पर चर्चा की जाती है। इसी तरह, प्रियंका गांधी को सक्रिय राजनीति में ले आया जाता है। अगले लोकसभा चुनाव में मैदान में उतारने के लिए कांग्रेस के पास मजबूत नेता नहीं हैं, इसलिए वह ऐसे चॉकलेटी चेहरों के माध्यम से चुनाव लड़ना चाहती है।
कमलनाथ सरकार में लोक निर्माण विभाग के मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने हेमा मालिनी पर जो टिप्पणी की है, वह कैलाश विजयवर्गीय पर पलटवार है। कांग्रेस नेता ने चॉकलेटी चेहरे वाले बयान पर कहा, 'अरे सराहना करो कि ईश्वर ने प्रियंका गांधी को इतना सुंदर बनाया है, जिससे ममत्व, स्नेह झलकता है। ऐसे शब्दों (चॉकलेटी चेहरे) का करके कैलाशजी और बीजेपी अपनी गरिमा गिरा रहे हैं।
वैसे चॉकलेटी चेहरे वाले बयान पर कैलाश विजयवर्गीय सफाई दे चुके हैं। उन्होंने कहा, 'मैंने चॉकलेटी चेहरे शब्द का इस्तेमाल बॉलीवुड एक्टर्स के लिए किया था।'












Click it and Unblock the Notifications