तो इवांका ट्रंप भी बनना चाहती हैं राष्ट्रपति!
डोनल्ड ट्रंप अमरीका का राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद खुश तो थे लेकिन वो अपने शपथ समारोह का आनंद नहीं ले पाए थे. उन्हें व्हाइट हाउस के अंदर जाने में भी डर लग रहा था. ये दावे एक नई किताब में किए गए हैं.
पत्रकार माइकल वुल्फ ने अपनी किताब 'फायर एंड फ्यूरी: इनसाइड द ट्रंप्स व्हॉइट हाउस' में इवांका ट्रंप की व्हाइट हाउस पहुंचने की महत्वाकांक्षाओं के बारे में भी लिखा है. वुल्फ का दावा है कि उनकी किताब 200 से अधिक इंटरव्यू पर आधारित है.
लेकिन व्हाइट हाउस की सेक्रेटरी सारा सैंडर्स ने कहा है कि किताब में दी गई जानकारियां झूठी और भ्रमित करने वाली हैं.
वैसे किताब में ट्रंप और इवांका के बारे में कुछ जानकारियां चौंकाने वाली हैं:
इवांका को राष्ट्रपति बनने की उम्मीद है
किताब में दावा किया गया है कि इवांका और उनके पति के बीच ये सहमति बनी है कि अगर भविष्य में उन्हें मौका मिले तो इवांका राष्ट्रपति बनने की रेस में शामिल हो सकती हैं.
ट्रंप को अपने दोस्तों की पत्नियां पसंद हैं
किताब में लिखा है कि ट्रंप अपने दोस्तों की पत्नियों के साथ सोने की बातों का बखान करते थे. यहां तक की वो ये भी कहते थे कि दोस्तों की पत्नियों के साथ सोने ने उनके ज़िदगी को जीने लायक बनाया है.
डोनल्ड ट्रंप के हेयर स्टाइल का इवांका मज़ाक उड़ाती हैं
किताब में दावा किया गया है कि इवांका अपने पिता के हेयर स्टाइल का अक्सर मज़ाक उड़ाती हैं. वो ट्रंप के स्कैल्प रिडक्शन सर्जरी पर भी तंज कसती हैं.
इवांका अपने दोस्तों से कहती हैं कि उनके पिता बालों के लिए एक ख़ास प्रोडक्ट का इस्तेमाल करते थे जिसे जितनी ज़्यादा देर लगा कर छोड़ दिया जाए, बालों का रंग उतना ही गहरा होता है, लेकिन ट्रंप इतना सब्र नहीं कर पाते हैं इसलिए उनके बालों का रंग अजीब सा है.
शपथ समारोह के समय नाखुश थे ट्रंप
वुल्फ ने लिखा है कि ट्रंप इस बात से नाराज़ थे कि कई बड़े सितारों ने समारोह से किनारा कर लिया था. ब्लेयर हाउस में रहने के लिए दी गई जगह से भी वो खुश नहीं थे और हर समय अपनी पत्नी से झगड़ा कर रहे था. किताब के मुताबिक मेलानिया कि हालत ऐसी हो गई थी कि वो कभी भी रो देतीं.
मेलानिया ट्रंप के दफ्तर ने इस बात खंडन करते हुए कहा है कि चुनाव लड़ने के फ़ैसले पर उन्होंने डोनल्ड का समर्थन किया था, उन्हें पता था कि वो जीत जाएंगे और जीत के बाद वो बेहद खुश थीं.
अलग अलग कमरों में रहते हैं ट्रंप और मेलानिया
किताब के मुताबिक व्हॉइट हाउस में ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया अलग अलग कमरों में रहते हैं.
इनसे पहले राष्ट्रपति केनेडी और उनकी पत्नी भी अलग अलग कमरों में रहते थे. किताब में लिखा गया है कि ट्रंप को शुरूआत में व्हॉइट हाउस में डर भी लगता था.
अपनी जीत पर ट्रंप को नहीं था विश्वास
किताब में लिखा है कि डोनल्ड ट्रंप को अपनी जीत के बाद भी भरोसा नहीं हो रहा था. वुल्फ ने लिखा है कि डोनल्ड के बेटे डॉन जूनियर ने अपने दोस्त को बताया था कि जब रुझान यह दिखाने लगे कि ट्रंप जीत सकते हैं, तो डोनल्ड का चेहरा ऐसा हो गया था जैसे उन्होंने कोई भूत देख लिया हो. मलेनिया की आंखों में आंसू थे लेकिन वो खुशी के नहीं थे.
रूपर्ट मर्डोक ट्रंप को 'इडियट' कहते हैं
किताब के मुताबिक डोनल्ड ट्रंप मीडिया टाईकून रूपर्ट मर्डोक का काफी सम्मान करते हैं.
ट्रंप ने एक पार्टी के दौरान मर्डोक के बारे में कहा था, "वो महान लोगों में से एक हैं, कुछ आखिरी महान लोगों में से एक."
लेकिन ये सम्मान मर्डोक की तरफ से नहीं था. मर्डोक उन्हें इडियट यानी की बेवकूफ कहते हैं.












Click it and Unblock the Notifications