कश्मीर: श्रीनगर में CRPF की पार्टी पर आतंकी हमला, सर्च ऑपरेशन जारी
नई दिल्ली: कश्मीर घाटी में भारतीय सेना लगातार आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन को अंजाम दे रही है। जिसमें कई बड़े आतंकी कमांडर भी मारे गए हैं। इन ऑपरेशन्स से आतंकी बौखलाए हुए हैं और अब छिपकर सुरक्षाबलों पर हमला कर रहे हैं। सोमवार को भी आतंकियों ने श्रीनगर में सुरक्षाबलों को निशाना बनाया, हालांकि इस हमले में कोई भी जवान घायल नहीं हुआ है। हमले के पीछे किस आतंकी संगठन का हाथ था, इसका पता लगाने की कोशिश जारी है।

जानकारी के मुताबिक श्रीनगर के नौगाम इलाके में CRPF की 110 बटालियन के जवान तैनात थे। इसी दौरान आतंकियों ने घात लगाकर उन पर हमला बोल दिया। अभी तक घटना में किसी भी जवान के घायल होने की खबर नहीं है। वहीं जैसे ही जवानों ने मोर्चा संभाल वैसे ही आतंकी मौके से फरार हो गए। जिसके बाद सभी नाका पार्टियों को अलर्ट कर दिया गया है। साथ ही पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
सोपोर में दो आतंकी गिरफ्तार
कश्मीर के सोपोर में पुलिस के हाथ रविवार को एक बड़ी सफलता लगी, जहां अल-बद्र आतंकी संगठन से जुड़े दो आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सोपोर पुलिस ने 22 राष्ट्रीय राइफल्स और सीआरपीएफ टीम के साथ संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया था। इसी दौरान जाहिद फारूक और शरीफ-उ-दीन अहंगर को गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास से हथियार और गोलियां भी बरामद हुई हैं। दोनों आतंकी घाटी में किसी हमले को अंजाम देने की फिराक में थे। उनके अन्य साथियों का भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications