कश्मीर घाटी में सुरक्षाबलों पर फिर आतंकी हमला, जवान शहीद
नई दिल्ली: लॉकडाउन के ऐलान के बाद से कश्मीर घाटी में आतंकी गतिविधियां बढ़ गई हैं। हाल ही में सेना ने कई कमांडरों को ढेर किया था, जिससे आतंकी बौखलाये हुए हैं। शनिवार शाम आतंकियों ने कश्मीर घाटी के कुलगाम जिले में पुलिस पार्टी को अपना निशाना बनाया। इस हमले में एक जवान के शहीद होने की खबर है। वहीं आतंकियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक कुलगाम जिले के फ्रिसल इलाके में पुलिस टीम नाके पर तैनात थी। इस दौरान वहां पर आतंकियों ने हमला कर दिया। इस हमले में हेड कांस्टेबल मोहम्मद अमीन घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए। आतंकियों की तलाश के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ और सेना ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। साथ ही जगह-जगह पर नाकेबंदी की गई है। इस हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी भी आतंकी संगठन ने नहीं ली है। शहीद हेड कांस्टेबल पुलवामा के रहने वाले थे।
आतंकियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
आपको बता दें कि कश्मीर पर ध्यान आकर्षित करने के लिए इन दिनों पाकिस्तान घाटी में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा दे रहा है। बर्फ पिघलने के साथ ही बड़ी संख्या में आतंकी एलओसी से घुसपैठ की फिराक में हैं। जिसको देखते हुए सेना हाईअलर्ट पर है। हाल ही में सेना प्रमुख ने घाटी में आतंकियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही थी। सेना प्रमुख के मुताबिक उन्हें पता था कि कश्मीर पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समर्थन नहीं मिलने से पाकिस्तान ऐसी हरकत करेगा। सेना कश्मीर में हर मुश्किल हालात से निपटने में सक्षम है। आतंकियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications