मिशनरी स्कूल में 'भगवा ड्रेस' पर विवाद, प्रिंसिपिल ने छात्रों को रोका तो भीड़ ने किया हमला
तेलंगाना के मंचेरियल जिले में एक मिशनरी स्कूल के प्रिंसिपल को छात्रों से उनकी धार्मिक पोशाक को लेकर सवाल करना महंगा पड़ गया। प्रिंसिपल के द्वारा छात्रों के कपड़ों पर सवाल पूछने को लेकर बच्चों के अभिभावक नाराज हो गए।
लोगों की नाराज भीड़ ने न सिर्फ स्कूल में तोड़फोड़ की, बल्कि कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की गई। स्कूल में तोड़फोड़ का वीडियो भी सामने आया है। इसमें लोगों को जय श्री राम के नारों के साथ स्कूल की खिड़कियों-दरवाजों को तोड़ते हुए देखा जा सकता है।

छात्रों के माता-पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने प्रिंसिपल समेत दो स्टाफ के सदस्यों के खिलाफ दो समुदायों में दुश्मनी को बढ़ावा देने से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। इसके साथ ही स्कूल प्रबंधन ने भी स्थानीय पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारियों ने बताया कि राजधानी हैदराबाद से 250 किमी दूर स्थित कन्नेपल्ली गांव में 'ब्लेस्ड मदर टेरेसा स्कूल' स्कूल है। यहां केरल के रहने वाले प्रिंसिपल जैमन जोसेफ ने नोटिस किया कि कुछ छात्र स्कूल ड्रेस के बजाय भगवा कपड़े पहनकर आ रहे हैं।
जोसेफ ने जब छात्रों से इसे लेकर सवाल किया तो उन्होंने बताया कि वे 21 दिनों के 'हनुमान दीक्षा' का पालन कर रहे हैं। इस पर प्रिंसिपल जोसेफ ने छात्रों को अपने माता-पिता को बुलाने के लिए कहा।
लेकिन इसी बीच किसी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया कि प्रिंसिपल स्कूल में हिंदू पोशाक पहनने की इजाजत नहीं दे रहे हैं। इसके बाद लोगों की गुस्साई भीड़ ने स्कूल पर धावा बोल दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को काबू में कर प्रदर्शनकारियों को स्कूल परिसर से बाहर जाने को कहा। जल्द ही हालात काबू में कर लिए गए और भीड़ स्कूल से बाहर चली गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रिंसिपिल को भीड़ ने घेर लिया है और उनकी पिटाई भी की गई।












Click it and Unblock the Notifications