सरकारी हॉस्टल के नाश्ते में निकली 'छिपकली'!, 35 छात्र पहुंचे अस्पताल, मचा हंगामा, जानिए कहां का है मामला
Telangana News: सरकारी हॉस्टल में नाश्ता करने के बाद 35 छात्र बीमार पड़ गए। छात्रों में उल्टी और दस्त के लक्षण दिखाई दिए, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। छात्रों का आरोप है कि कैंटी में उन्हें नाश्ते के दौरान खाने में छिपकली दिखी थी, जिसकी वजह से वे बीमार हुए।
एक साथ 35 छात्रों के बीमार पड़ जाने से मेडक जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) एक्शन में आ गए। उन्होंने कथित तौर पर लापरवाही के लिए एक रसोइए और एक सहायक रसोइए को बर्खास्त कर दिया गया है। जबकि छात्रावास के केयरटेकर और विशेष अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

बता दें कि छात्रों के बीमार होने का यह मामला तेलंगाना के मेडक जिले के रामायमपेट में टीजी मॉडल स्कूल का है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीजी मॉडल स्कूल के 35 छात्र अपने सरकारी हॉस्टल में नाश्ता करने के बाद बीमार पड़ गए थे। यह घटना मंगलवार को हुई, उनमें उल्टी और दस्त के लक्षण दिखाई दिए।
छात्रों के बीमार पड़ने के बाद उन्हें आनन-फानन में चिकित्सा सहायता प्रदान की गई और छात्रों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। छात्रों ने बताया कि कैंटीन में नाश्ते के दौरान उनके खाने में छिपकली दिखी। उनका मानना है कि इसी वजह से वे बीमार हुए।
वहीं, अब स्वास्थ्य अधिकारियों ने भोजन के नमूने एकत्र कर उन्हें विश्लेषण के लिए प्रयोगशाला में भेज दिया है। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि छिपकली संभवतः भोजन बनाते समय गलती से गिर गई होगी। माता-पिता और स्थानीय लोग ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्कूल की रसोई में सख्त स्वच्छता उपायों की मांग कर रहे हैं।
स्कूल प्रबंधन ने इस मामले की गहन जांच का आश्वासन दिया है। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाने का वादा भी किया है। इस घटना ने शैक्षणिक संस्थानों में खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।












Click it and Unblock the Notifications