तेलंगाना चुनाव: कांग्रेस को सता रहा विधायकों के टूटने का डर, उठाया ये बड़ा कदम
Telangana Election Result 2023: देश में पांच राज्यों का चुनाव 30 नवंबर को सम्पन्न हो गया था। तेलंगाना, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में मतों की गिनती जारी है। इस बीच तेलंगाना में कांग्रेस को हालांकि रुझानों में भारी बढ़त मिली हुई है लेकिन केंद्रीय नेतृत्व को विधायकों के टूटने का डर भी सता रहा है।

इसीलिए कांग्रेस ने वहां कई नेताओं को पर्यवेक्षक के तौर पर पहले ही भेज दिया है। कांग्रेस ने तेलंगाना की मतगणना प्रक्रिया पर ध्यान रखने के लिए एक टीम तेलंगाना भेजी है। जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम, सुशील कुमार शिंदे, रणदीप सिंह सूरजेवाला और डीके शिवकुमार शामिल हैं।
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस ने पहले से ही तेलंगाना में अपनी नजरें गड़ा दी हैं। इसको ध्यान में रखते हुए विशेष रणनीति के तहत की इन चारों नेताओं को वहां भेजा गया है। खासतौर से यह भी जानकारी सामने आ रही है कि कांग्रेस ने तेलंगाना के सभी प्रत्याशियों को रविवार तक हैदराबाद पहुंचने का निर्देश जारी किया है।
इस बीच खबर यह भी है कि इन चारों दिग्गज नेताओं के अलावा कुछ ऐसे नेताओं को भी हैदराबाद भेजा गया है जिनकी वहां अच्छी पकड़ मानी जाती है। इनमें कैबिनेट मंत्री जमीर अहमद खान, बी नागेंद्र और एनएस बोसराजू को लगाया गया है।
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा है कि, हमें जानकारी मिली है कि बीआरएस हमारे उम्मीदवारों से सम्पर्क साधने में लगी है। लेकिन भरोसा है कि हमें स्पष्ट जनादेश मिलेगा और कांग्रेस पार्टी के अच्छे आंकड़े आएंगे। वहीं दूसरी ओर बोसराजू का दावा है कि तेलंगाना में कांग्रेस को 65 सीटें मिलेंगी और उसे किसी के समर्थन की जरूरत नहीं पड़ेगी।
गौरतलब है कि 2024 में होने वाले आम चुनाव से पहले कांग्रेस ने तेलंगाना में जीत के लिए पूरा जोर लगाया था। तेलंगाना में यदि कांग्रेस अपने बूते सरकार बनाने में सफल होती है कि तो आने वाले लोकसभा चुनाव में उसे फायदा मिलने की उम्मीद है। हालांकि यहां बीजेपी ने भी इस बार कड़ी मशक्कत की है लेकिन देखना होगा कि उसका प्रदर्शन कैसा होता है।












Click it and Unblock the Notifications