KTR ने कांग्रेस को 'चोर टीम' बताकर किया पलटवार, बीजेपी को लेकर राहुल गांधी को दी ये चुनौती
तेलंगाना में सत्ताधारी बीआरएस को बीजेपी की बी-टीम बताने के आरोपों को लेकर प्रदेश के मंत्री और पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जोरदार पलटवार किया है।
सीएम केसीआर के बेटे केटीआर ने कहा कि उनकी पार्टी तो किसी से नहीं जुड़ी हुई है, लेकिन लोग सोचते हैं कि कांग्रेस एक 'सी-टीम है, जिसका मतलब है चोर टीम।' यही नहीं भारत राष्ट्र समिति के नेता ने राहुल गांधी के बारे में यह भी कहा है कि वे 'लीडर' नहीं, बल्कि 'रीडर' हैं जो अपनी पार्टी के नेताओं से मिली स्क्रिप्ट को पढ़ते हैं।

कांग्रेस सी-टीम है, चोर टीम- केटी रामा राव
बीआरएस नेता ने मीडिया वालों से कहा, 'आप कह रहे हैं कि हम बीजेपी की बी-टीम हैं। हम कोई बी-टीम नहीं हैं। आप सी-टीम हैं, चोर टीम।' केटीआर ने सवाल किया कि विधानसभा चुनावों के दौरान राहुल की 'भारत जोड़ो यात्रा' गुजरात से होकर क्यों नहीं गुजरी और महाराष्ट्र की ओर रुख क्यों कर लिया था?
राहुल गांधी बीआरएस पर बीजेपी की बी-टीम होने का आरोप लगाते हैं
उन्होंने पूछा कि 'उनका (कांग्रेस का बीजेपी के साथ) क्या चल रहा है?' राहुल गांधी तेलंगाना में लगातार बीआरएस पर बीजेपी की बी-टीम होने का आरोप लगा रहे हैं। बुधवार को भी उन्होने मुलुगु की एक रैली ने बीआरएस को बीजेपी की बी-टीम कह दिया और दावा किया कि दोनों के बीच 'मूक समझौता है।'
80 हजार के प्रोजेक्ट में 1 लाख करोड़ के घोटाले के आरोपों पर भी पलटवार
उन्होंने तेलंगाना कांग्रेस के अध्यक्ष रेवंत रेड्डी को लेकर कहा कि पहले एक एमएलए का वोट खरीदने की कोशिश में उन्हें गिरफ्तार तक किया गया था। 80,000 करोड़ रुपए की एक सिंचाई परियोजना में 1,00,000 करोड़ रुपए के कथित भ्रष्टाचार के राहुल के आरोपों पर उन्होंने कहा कि या तो उन्हें गणित नहीं पता है या फिर उनके स्क्रिप्ट राइटर ने ऐसा ही लिखा होगा।
एक सवाल के जवाब में वे बोले कि कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही पार्टियों को बीआरएस के तेलंगाना से आगे निकलना और पैन-इंडिया पार्टी बनना पसंद नहीं है। उन्होंने दावा किया कि, 'तेलंगाना में बीजेपी और कांग्रेस के बीच दूसरे स्थान पर आने की होड़ है। मैं राहुल जी और प्रधानमंत्री मोदी जी को शुभकामनाएं देना चाहता हूं, क्योंकि पिछले चुनावों में बीजेपी ने 105 सीटों पर जमानत जब्त करवा ली थी।'
राहुल और कांग्रेस को दी ये चुनौती
इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस को चुनौती दे डाली कि राष्ट्रीय स्तर पर वह बीजेपी से नहीं जीत सकती, क्योंकि ये स्पष्ट है कि खुद राहुल गांधी ही अमेठी लोकसभा सीट से हार गए थे। गौरतलब है कि एक ओपिनियन पोल ने तेलंगाना में कांग्रेस को बीआरएस के साथ टक्कर में दिखाया गया है। यही वजह के दोनों दलों की ओर से एक-दूसरे पर जमकर हमले हो रहे हैं। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications