अधिकारी ने मांगी 1 लाख की रिश्वत तो पत्नी समेत भीख मांगने लगा किसान
हैदराबाद। यूं तो सरकार और सिस्टम देश के सामान्य नागरिक की रक्षा के लिए हैं, लेकिन कई बार यही सिस्टम कितना क्रूर हो जाता है, इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है। तेलंगाना के जयशंकर भूपलपल्ली से ऐसा मामला सामने आया है, जहां एक किसान और उनकी पत्नी से तहसीलदार ने 1 लाख रुपए की रिश्वत मांगी। किसान ने तहसीलदार से अपनी ही जमीन की पट्टादार पासबुक मांगी थी, पर उसने रिश्वत की डिमांड कर दी। तहसीलदार की डिमांड से परेशान किसान ने कई बार अधिकारियों के चक्कर काटे, लेकिन जब कोई हल निकलता नहीं दिखा तो किसान और उनकी पत्नी ने तहसीलदार को रिश्वत देने के लिए भीख मांगना शुरू कर दिया। जिस तहसीलदार ने किसान से रिश्वत मांगी उसका नाम है- के सत्यनारायण और जिस किसान ने 1 लाख की रिश्वत मांगी गई, उनका नाम है बसावैया।

इस कहानी में नया मोड़ में तब आया जब बसावैया और उनकी पत्नी लक्ष्मी के भीख मांगने की जानकारी जिला कलेक्टर वसम वेंकटेश्वरलू को पता चली। बसावैया का यह भी दावा है कि तहसीलदार जमीन के मालिकाना हक के लिए कुछ और लोगों का नाम भी जोड़ना चाहता था।
जिला कलेक्टर वसम वेंकटेश्वरलू की जानकारी में जब यह मामला आया तो उन्होंने जमीन की वेरीफिकेशन कराई और पट्टादार पासबुक दे दी। उधर, एक अधिकारी का दावा है कि उनसे किसी भी तरह की रिश्वत की मांग नहीं की गई थी, उस जमीन के एक हिस्से को लेकर कानूनी लड़ाई चल रही थी। अधिकारी ने यह बताया कि मामले की जांच चल रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं दोनों को भीख मांगने के लिए किसी ने उकसाया तो नहीं। हालांकि, अधिकारी का दावा समझ में इसलिए भी नहीं आ रहा है कि अगर जमीन के एक हिस्से पर कानूनी लड़ाई रही थी तो जिला कलेक्टर ने कैसे पट्टादार पासबुक किसान के नाम जारी कर दी।












Click it and Unblock the Notifications