Exit Poll 2023 Telangana: तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार, BRS को झटका-Times Now-ETG एग्जिट पोल
Vidhan Sabha Chunav 2023 Exit Poll: तेलंगाना विधानसभा चुनावों के लिए टाइम्स नाउ-ईटीजी (Times Now-ETG) एग्जिट पोल के नतीजे सामने आ गए हैं। इसके मुताबिक तेलंगाना में कांग्रेस बहुमत हासिल कर सकती है।
टाइम्स नाउ-ईटीजी सर्वे के मुताबिक तेलंगाना में सत्ताधारी बीआरएस को 37 से 45 सीटें मिलती दिख रही हैं।

वहीं कांग्रेस पार्टी 60 से 70 सीटें जीतकर कर्नाटक के बाद दक्षिण भारत में दूसरी सरकार बनाती नजर आ रही है। जहां तक बीजेपी की बात है तो वह 6 से 8 सीटों पर सिमट सकती है। इसी तरह से एआईएमआईएम को 5 से 7 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है।
हालांकि हम आपको बता दें कि यह सिर्फ अनुमान है, असली नतीजे 3 दिसंबर को मतगणना के बाद ही आएंगे।
पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के सबसे अंतिम चरण में तेलंगाना में 30 नवंबर यानि गुरुवार को वोटिंग हुई है। रात साढ़े दस बजे तक की रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में पिछले बार से कम यानि करीब 71 फीसदी वोटिंग हुई थी।
चुनाव आयोग ने इस बार खासकर के ग्रेटर हैदराबाद के इलाकों में मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने के लिए जोरदार अभियान चलाया था। हैदराबाद के खासकर हाईटेक सिटी वाले इलाकों के वोटर पिछले कुछ चुनावों से मतदान के प्रति उदासीन देखे जा रहे थे। लेकिन, शाम 5 बजे तक सिर्फ 40% वोटिंग की रिपोर्ट है।
तेलंगाना में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी बीआरएस, कांग्रेस और बीजेपी के बीच है। बीजेपी ने इस बार प्रचार में पूरा जोर लगाया है। वहीं कांग्रेस ने इस चुनाव को कर्नाटक मॉडल पर लड़ने की कोशिश की है।
भारत राष्ट्र समिति लगातार दो बार से तेलंगाना में सरकार बना रही है और इस बार भी उसे अपनी हैट्रिक लगने की पूरी उम्मीद है। जहां तक कांग्रेस की बात है तो वह कर्नाटक मॉडल के आधार पर अपनी चुनावी गारंटियों के दम पर सत्ता पर काबिज होने को लेकर पूरी तरह से आशांवित नजर आई है।
2018 के तेलंगाना विधानसभा चुनावों में बीआरएस को 88, कांग्रेस को 19, एआईएमआईएम को 7, टीडीपी को 2, अन्य को 2 और बीजेपी को सिर्फ 1 सीट मिली थी।
वहीं अगर वोट प्रतिशत की बात करें तो तब बीआरएस को 46.9 फीसदी, कांग्रेस को 28.4 फीसदी और भाजपा को 7 फीसदी वोट मिले थे। तब टीडीपी को 3.5 फीसदी और एआईएमआईएम को 2.7 फीसद वोट हासिल हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications