तेलंगाना चुनाव 2023 : राज्य के एसटी निर्वाचन क्षेत्रों में पैठ जमाने में जुटी कांग्रेस
तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के लिए महज दस दिन शेष बचे हैं, इससे पहले कांग्रेस अनुसूचित जनजाति (एसटी) आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों में अपनी पैठ को मजबूत बनाने में जुटी है। कांग्रेस खानपुर निर्वाचन क्षेत्र के अलावा, पूर्ववर्ती आदिलाबाद जिले में अनुसूचित जनजाति (एसटी) आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों में अपनी पुरानी स्थिति को दोबारा हासिल करने का जोर लगा रही है। इसके अलावा 40 वर्षों के अंतराल के बाद अपनी उपस्थिति को पुनर्जीवित करने के लिए गोंड आदिवासी वेदमा बोज्जू पटेल को इस बार चुनाव में उम्मीदवार बनाया है। ।

गौरतलब है कि तेलंगाना के पूर्ववर्ती आदिलाबाद जिले में तीन एसटी आरक्षित निर्वाचन क्षेत्र हैं। जिसमें खानापुर, आसिफाबाद और बोथ हैं, इन पर कांग्रेस अधिक से अधिक सीटें जीतकर अपनी बढ़त बनाने की फिराक में है।
बता दें खानापुर निर्वाचन क्षेत्र में बीते चार दशकों से कांग्रेस नहीं जीती है रेवंत रेड्डी ने अपना ध्यान इन निर्वाचन क्षेत्र पर केंद्रित किया और इंद्रवल्ली मंडल में पहली सार्वजनिक बैठक आयोजित की। ये वो ही क्षेत्र हैं जहां पिछले 40 वर्षों से क्षेत्रीय दलों का वर्चस्व रहा है, इस बार कांग्रेस अपनी 6 गारंटियों के दम पर इन पर कब्जा जमाना चाहती है।
कांग्रेस पार्टी इस वर्ग को प्रभावित करने के लिए अपने चुनावी कार्यक्रमों के लिए प्रमुख राष्ट्रीय नेताओं को शामिल करने के अलावा अभिनेताओं को जुटाया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने खानापुर विधानसभा क्षेत्र के लिए वेदमा बोज्जू पटेल के समर्थन में चुनाव अभियान में हिस्सा लेने पहुंची थीं।
याद रहे तेलंगाना का आसिफाबाद विधानसभा क्षेत्र सालों से कांग्रेस का गढ़ रहा है हालांकि 2018 के चुनावों में कांग्रेस उम्मीदवार जीते थे लेकिन वो बाद में बीआरएस में शामिल हो गए थे। याद रहे आसिफाबाद निर्वाचन क्षेत्र ने पार्टी ने लम्बाडा से शाम नाइक को उम्मीदवार बनाया है।
वहीं बोथ निर्वाचन क्षेत्र में हुए पिछले चुनावों की बात करें, तो 1962 से लेकर 1983 के चुनाव तक कांग्रेस का दबदबा रहा हालांकि तब से इस सीट पर क्षेत्रीय पार्टियों का कब्ज़ा है। इस चुनाव में कांग्रेस ने गजेंद्र आडे को टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारा है। 2018 के चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर चुनाव लड़ा था, जबकि 2018 में कांग्रेस के उम्मीदवार सोयम बापू राव इस बार बीआरएस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications