तेलंगाना में 27 नवंबर तक घर से मतदान, किन्हें मिलेगा Home voting का मौका? सबकुछ जानिए
तेलंगाना विधानसभा के लिए सबसे अंतिम में यानि 30 नवंबर को मतदान होना है। क्योंकि, पांच राज्यों में से तीन यानि मिजोरम, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में वोटिंग हो चुकी है। राजस्थान में 25 नवंबर को मतदान होना है।
चुनाव आयोग तेलंगाना विधानसभा में इस बार मंगलवार से ही घर से वोटिंग की प्रक्रिया शुरू कर रहा है। घर से वोटिंग की ये सुविधा 27 नंबर तक मिलेगी। कर्नाटक के बाद तेलंगाना में भी बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए यह व्यवस्था की गई है।

तेलंगाना की सभी 119 सीटों पर घर से वोटिंग की सुविधा
तेलंगाना की सभी 119 सीटों पर इस बार घर से मतदान की सुविधा दी जा रही है। इसी साल मई में कर्नाटक विधानसभा चुनाव से चुनाव आयोग ने यह व्यवस्था शुरू की थी। यह चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह से गुप्त मतदान के सिद्धांत पर पूरी की जाएगी।
पोस्टल बैलट की तरह कर सकेंगे वोटिंग
इसके तहत पोलिंग पार्टी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के घर जाएंगे। चुनाव आयोग की ओर से प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्रों में घर से मतदान के लिए तारीख तय की गई है।
जिन लोगों ने घर से मतदान के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है, वही घर पर रहकर मतदान करने के पात्र होंगे। मतदान की सुविधा पोस्टल बैलेट की तरह होगी।
उदाहरण के लिए नगरकुरनूल के कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी उदय कुमार ने कहा है कि नगरकुरनूल और कोल्लापूर विधानसभा क्षेत्रों में 21 और 22 नवंबर को वोटिंग होगी और अचंपेट में 23 और 25 नवंबर को वोट डाले जाएंगे।
अचंपेट में 136, कोल्लापूर में 68 और नगरकुरनूल में 33 मतदाताओं ने घर से मतदान करने के लिए रजिस्ट्रेशन करा रखा है।
कौन कर सकता है घर से मतदान?
जिन मतदाताओं की उम्र 80 साल से ज्यादा है, वह घर से वोटिंग कर सकते हैं। इसके अलावा जिन वोटरों की दिव्यांगता 40% या अधिक है, उन्हें भी यह सुविधा मिल सकती है। इनके अलावा आवश्यक सेवाओं में योगदान देने वाले कर्मचारी भी इसके लिए रजिस्ट्रेशन कराने के हकदार हैं।
घर से मतदान करने की क्या प्रक्रिया है?
मतदाताओं को रिटर्निंग ऑफिसर के पास फॉर्म 12-डी भरकर देना होता है। यह आवेदन चुनाव नोटिफिकेशन के पांच दिनों के भीतर देना होता है। बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर जाते हैं और फॉर्म भरकर उसे रिटर्निंग ऑफिसर के पास जमा करते हैं।
घर से मतदान कैसे होता है?
दो पोलिंग ऑफिसर मतदाता के घर जाते हैं और पोस्टल बैलट पर वोटिंग करवाते हैं। मतदान की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी होती है और उसे आरओ के पास जमा किया जाता है। यह बैलट आरओ के पास जमा रहता है और मतगणना के दौरान अन्य वोटों के साथ इसकी भी गिनती होती है।
वोटिंग कंपार्टमेंट के अंदर मतदान की व्यवस्था
हुजूरनगर, कोडाद, सूर्यापेट और थुंगाथुर्थी विधानसभा क्षेत्रों में 23,24 और 25 नवंबर को घर से मतदान कराया जाएगा। राजन्ना सिरसिला में घर से वोटिंग के लिए 21 से 25 नवंबर तक की तारीख तय की गई है।
इन सभी क्षेत्रों में घर से मतदान की गोपनीयता बरकरार रखने के लिए वोटिंग कंपार्टमेंट का इंतजाम किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications