Telangana Exit Poll 2023: 2019 वाली हवा चली तो BRS, Congress, BJP को मिलेंगी कितनी सीटें?
Telangana Election Exit Poll 2023: तेलंगाना विधानसभा चुनावों के लिए गुरुवार को वोटिंग हुई है। राज्य की 119 विधानसभा सीटों पर इस बार मुख्य तौर पर सत्ताधारी बीआरएस, मुख्य विपक्षी कांग्रेस और बीजेपी के बीच ही मुकाबला दिख रहा है।
तेलंगाना में सबसे आखिरी चुनाव 2019 में लोकसभा चुनावों के लिए हुए थे। आइए हम जानते हैं कि बीजेपी के शीर्ष नेताओं ने जिस तरह से इस बार राज्य में पूरा जोर लगाया है, अगर इसकी वजह से लोकसभा चुनावों वाला ही मतदान का पैटर्न रहा तो नतीजे क्या हो सकते हैं?

तेलंगाना में 2019 के पैटर्न पर वोटिंग हुई तो कैसे होंगे नतीजे?
तेलंगाना में 2018 के विधानसभा चुनावों के कुछ ही महीने बाद हुए 2019 के लोकसभा चुनावों में वोटरों का रुझान काफी बदला हुआ नजर आया था। अगर तेलंगाना की 17 लोकसभा सीटों के नतीजों को 119 विधानसभा सीटों के परिणाम के हिसाब से देखें पता चल सकता है कि अगर वोटिंग का पैटर्न वही रहा तो परिणाम क्या हो सकते हैं।
तेलंगाना में 2019 के चुनावों में किस पार्टी को मिले कितने वोट?
2019 के लोकसभा चुनावों में तेलंगाना में सत्ताधारी तेलंगाना राष्ट्र समिति यानि अभी की भारत राष्ट्र समिति (BRS) को 41.7% वोट मिले थे। दूसरे नंबर पर कांग्रेस रही थी और उसे 29.8% वोट प्राप्त हुए थे। भाजपा तीसरे नंबर पर रही थी और वह 19.6% वोट ले पाई थी। अन्यों के खाते में 6% वोट गए थे और असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम को 2.8% वोट मिले थे।
2019 के चुनाव में कांग्रेस-बीजेपी को बराबर सीटें
अब अगर इसे विधानसभा सीटों पर हार-जीत के हिसाब से आकलन करें तो बीआरएस के खाते में सबसे ज्यादा यानि 71 सीटें गई थीं। जबकि, कांग्रेस को 21 सीटें मिली थीं। कमाल की बात ये रही कि बीजेपी और कांग्रेस के बीच करीब 10% वोट शेयर के अंतर के बावजूद भी बीजेपी ने 21 विधानसभा सीटों पर बढ़त बना ली थी। वहीं एआईएमआईएम को 6 सीटों पर बढ़त मिली थी।
भाजपा के वोट शेयर में सबसे ज्यादा उछाल
अगर वोट शेयर के हिसाब से 2019 के लोकसभा चुनावों और 2018 के तेलंगाना विधानसभा चुनावों के परिणामों को देखें तो सबसे ज्यादा उछाल भाजपा के वोट शेयर में आया था। विधानसभा चुनावों में पार्टी महज 7% वोट शेयर ले पाई थी, जबकि लोकसभा में वह बढ़कर 19.6% तक पहुंच गई। वहीं कांग्रेस का वोट शेयर 2018 के विधानसभा चुनावों में 28.4% था और बीआरएस को 46.9% था।
तेलंगाना विधानसभा चुनावों में पिछली बार (2018) बीआरएस को 88, कांग्रेस को 19, एआईएमआईएम को 7, टीडीपी को 2 और बीजेपी को सिर्फ 1 सीट मिल पाई थी। अन्य के खाते में 2 सीटें गई थी।












Click it and Unblock the Notifications