Telangana Election: AIMIM उम्मीदवार के बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी अजहरुद्दीन जीत को लेकर आश्वस्त
Telangana Election: तेलंगाना में होने वाले विधानसभा चुनाव के तहत हैदराबाद की जुबली हिल्स विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार और पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं।
उन्होंने बुधवार को कहा कि वह एआईएमआईएम द्वारा वहां उम्मीदवार खड़ा करने को लेकर चिंतित नहीं हैं और विश्वास जताया कि निर्वाचन क्षेत्र के लोग उनके साथ हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, एआईएमआईएम उम्मीदवार निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के वोट शेयर को विभाजित कर सकते हैं।

पहली बार असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) जो सत्तारूढ़ बीआरएस की "दोस्ताना पार्टी" होने का दावा करती है, ने जुबली हिल्स से मोहम्मद रशेद फ़राज़ुद्दीन को मैदान में उतारा है, जिससे यह एक उत्सुकता से देखा जाने वाला क्षेत्र बन गया है।
बीआरएस ने अपने मौजूदा विधायक एम गोपीनाथ को इस क्षेत्र से अपना उम्मीदवार बनाया है। एक न्यूज एजेंसी से बात करते हुए अज़हरुद्दीन ने कहा, "हम अपना चुनाव खुद लड़ रहे हैं। हमें वास्तव में इसकी चिंता नहीं है कि कौन क्या कर रहा है. मैं अपना चुनाव खुद लड़ रहा हूं. यह मेरे लिए महत्वपूर्ण है और मैं जानता हूं कि जुबली हिल्स के लोग दृढ़ता से मेरे पीछे हैं। वे सभी मुझे चाहते हैं।"
उन्होंने आगे कहा कि 30 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए उनका अभियान अच्छा चल रहा है और लोगों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में निर्वाचन क्षेत्र में कोई विकास नहीं हुआ है, इसके अलावा असामाजिक तत्व भी पनप रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी चुनाव में जीत हासिल करेगी और तेलंगाना में सरकार बनाएगी। राजनीतिक विश्लेषक तेलंकापल्ली रवि के अनुसार, एमआईएम उम्मीदवार कांग्रेस के वोटों को विभाजित कर सकते हैं और अपने निर्वाचन क्षेत्र में बीआरएस को लाभ पहुंचा सकते हैं। रवि ने कहा कि यह अज़हरुद्दीन के लिए आसान काम नहीं होगा और कहा कि कड़ा मुकाबला होगा।












Click it and Unblock the Notifications