Telangana Election: दो जगह से चुनाव लड़ेंगे सीएम KCR, जानिए दोनों सीटों के बारे में
Telangana Election: सोमवार को तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए सत्ताधारी भारत राष्ट्र समिति यानी कि BRS ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। CM के. चंद्रशेखर राव (KCR) दो सीटों गजवेल और कामारेड्डी से चुनाव लड़ेंगे। आपको बता दें कि आज 119 सीटों वाले राज्य में बीआरएस ने 115 सीटों के उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है।

जबकि चार सीटों के उम्मीदवारों के ऐलान नहीं किए गए हैं और वो चार सीटें निम्नलिखित हैं।
- जनगांव
- नामपल्ली
- नरसापुर
- गोशामहल
आपको बता दें कि तेलंगाना में इस साल के अंत में चुनाव होने वाले हैं। केसीआर ने दावा किया है कि वो इस बार 95-105 सीटें जीतेंगे। आपको बता दें कि आज की लिस्ट में उनके बेटे केटीआर का भी नाम है, जिन्हें सिरसिल्ला से टिकट मिला है, वो मौजूदा दौर में यहीं से विधायक हैं।
गजवेल विधानसभा सीट
आपको बता दें कि गजवेल विधानसभा सीट तेलंगानाके सिद्दीपेट जिले में आती है। साल 2018 में केसीआर ने यहां बंपर जीत हासिल की थी, उन्हें 125444 वोट मिले थे और उन्होंने यहां पर रेड्डी वंतेरु (टीडीपी) को हराया था।
कामारेड्डी विधानसभा सीट
साल 2018 में गम्पा गोवर्धन ने यहां से जीत दर्ज की थी, उन्हें यहां पर 68167 वोट मिले थे और उन्होंने यहां पर कांग्रेस के मोहम्मद अली शब्बीर को हराया था, जिन्हें कि यहां पर 63610 वोट मिले थे। हाल की कई सभाओं में गम्पा गोवर्धन ने खुले मंच से कहा था कि 'वो चाहते हैं कि इस बार केसीआर यहां से चुनाव लड़ें' और आज उनकी इच्छा पूरी हो गई क्योंकि केसीआर ने यहां से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।
क्या है कामारेड्डी से चुनाव लड़ने की वजह?
आज केसीआर ने कहा कि जनता की इच्छा की वजह से वो कामारेड्डी से चुनाव लड़ने जा रहे हैं लेकिन राजनीति के जानकार इसके पीछे दूसरी वजह मान रहे हैं। दरअसल कामारेड्डी निजामाबाद संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जहां से पिछला लोकसभा चुनाव केसीआर की बेटी कविता हार गई थीं लेकिन उन्होंने हाल ही में कहा था कि 'वो साल 2024 में भी निजामाबाद लोकसभा क्षेत्र से ही चुनाव लड़ेंगी।'
केसीआर का यहां से चुनाव लड़ना काफी महत्वपूर्ण
मालूम हो कि पिछले आम चुनाव में वो भाजपा सांसद डी अरविंद से हार गई थीं। ऐसे में केसीआर का यहां से विधानसभा चुनाव लड़ना काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इस चुनाव का परिणाम उनकी बेटी के लिए राजनीति मैप तैयार करेगा इसी वजह से काफी वक्त से स्थानीय नेता केसीआर से आग्रह कर रहे थे कि वो कामारेड्डी से चुनाव लड़ें।












Click it and Unblock the Notifications