तेलंगाना चुनाव: राहुल गांधी ने KCR पर बोला तीखा हमला, कहा- BRS-BJP और AIMIM एक ही टीम हैं
तेलंगाना में 30 नवबंर को विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनावों से पहले राज्य में कांग्रेस , बीआरएस , बीजेपी और एआईएमआईएम ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। राहुल गांधी राज्य में लगातार रैलियां और जनसभाएं कर रहे हैं।
मंगलवार को हैदराबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए वायनाड के सांसद राहुल गांधी ने कहा कि, बीआरएस, बीजेपी और एआईएमआईएम एक ही टीम हैं और मिलकर एक टीम की तरह काम कर रहे हैं।

राहुल गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि, यह देश नफरत का नहीं बल्कि मोहब्बत का देश है। इसलिए यात्रा में हमने नारा दिया- 'नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलनी है।' 'भारत जोड़ो यात्रा' ने हिंदुस्तान की राजनीति को हमेशा के लिए बदल दिया है। उन्होंने कहा कि, मैं नरेंद्र मोदी जी के दिल में जो नफरत है, उससे लड़ता हूं।
यह विचारधारा की लड़ाई हैं, जिससे मेरा परिवार वर्षों से लड़ रहा है। मेरे ऊपर 24 केस हैं, लेकिन ओवैसी जी पर एक भी केस नहीं है।
राहुल ने कहा कि, मेरे पीछे हर वक्त ईडी, सीबीआई, आईटी लगी रहती है, लेकिन ओवैसी जी के पीछे कौन सी एजेंसी है? ओवैसी जी, PM मोदी की मदद करते हैं, इसलिए वह उनको कुछ नहीं करते। राहुल ने आगे कहा कि, मेरे दो लक्ष्य हैं। पहला लक्ष्य- मोहब्बत के देश से हमें नफरत मिटानी है। इसके लिए पहले यहां केसीआर को हराना है। दूसरा लक्ष्य- फिर नरेंद्र मोदी को दिल्ली में हराना है।
राहुल गांधी ने कहा कि, तेलंगाना में केसीआर ने दोराला सरकार चला रखी है, जबकि हम प्रजाला सरकार चाहते हैं। शराब, जमीन और रेत में सबसे ज्यादा पैसा बनता है और ये तीनों मंत्रालय केसीआर ने अपने रिश्तेदारों को दे रखे हैं। केसीआर केवल एक काम करते हैं और वो है- तेलंगाना की जनता से पैसा लूटना।
राहुल गांधी ने कहा कि, वे एक ही टीम हैं। यहां बीआरएस, बीजेपी और एआईएमआईएम एक टीम के रूप में मिलकर काम करते हैं। मुख्यमंत्री (केसीआर) के खिलाफ कोई मामला नहीं है, जबकि वह सबसे भ्रष्ट सरकार चलाते हैं। ईडी, सीबीआई, आयकर विभाग उनके पीछे नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications