रेवंत रेड्डी ने निभाया दिव्यांग महिला से किया वादा, मुख्यमंत्री बनते ही दी नौकरी
तेलंगाना के सीएम का पदभार संभालते ही रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष (टीपीसीसी) रहते किया हुआ अपना वादा पूरा किया है। रेड्डी ने अक्टूबर में एक दिव्यांग महिला से वादा किया था कि कांग्रेस के सत्ता में आते ही उसे नौकरी दी जाएगी। आज तेलंगाना के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही रेवंत रेड्डी ने अपना वादा पूरा कर सभी का दिल जीत लिया है।
17 अक्टूबर को एक कांग्रेस कार्यकर्ता ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी थी कि टीपीसीसी अध्यक्ष रेवंत रेड्डी ने नामपल्ली की एक दिव्यांग (बौनी) लड़की रजनी को कांग्रेस के सत्ता में आने पर पहली नौकरी देने का वादा किया है। पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी कर चुकीं रजनी ने रेवंत को अपना दुख बताते हुए कहा कि उन्हें प्राइवेट कंपनियों में नौकरी भी नहीं मिल रही है। जिसके बाद खुद रेवंत रेड्डी ने रजनी के नाम से कांग्रेस का गारंटी कार्ड भरा था।

आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के साथ ही दो फाइलों पर हस्ताक्षर किए। पहली फाइल छह चुनावी गारंटी को लागू करने के लिए और दूसरी फाइल दिव्यांग रजनी को नौकरी प्रदान करने के लिए।
Recommended Video
कांग्रेस ने तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2023 के लिए अपने चुनावी घोषणापत्र में छह गारंटी का वादा किया था। इन छह गारंटियों को "महालक्ष्मी", "रयथु भरोसा", "गृह ज्योति", "इंदिरम्मा इंदलु", "युवा विकासम" और "चेयुथा" के रूप में वर्गीकृत किया गया था।
1.महालक्ष्मी: ₹2,500 हर महीने; ₹500 में गैस सिलेंडर; आरटीसी बसों में मुफ्त यात्रा।
2.रायथु भरोसा: किसानों, किरायेदार किसानों के लिए हर साल ₹15,000 प्रति एकड़; कृषि श्रमिकों के लिए ₹12,000 प्रति वर्ष; धान की फसल के लिए प्रति वर्ष ₹500 का बोनस।
3.गृह ज्योति: योजना के तहत कांग्रेस ने हर घर को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया था।
4.इंदिरम्मा इंदलु: सभी तेलंगाना आंदोलन सेनानियों के लिए 250 वर्ग गज का भूखंड; जिन लोगों के पास अपना घर नहीं है उनके लिए मकान स्थल और 5 लाख रुपए।
5.युहा विकासम: छात्रों के लिए ₹5 लाख का विद्या भरोसा कार्ड; प्रत्येक मंडल में तेलंगाना इंटरनेशनल स्कूल स्थापित करना।
6.चेयुथा: वरिष्ठ नागरिकों के लिए ₹4,000 मासिक पेंशन; राजीव आरोग्यश्री बीमा के तहत ₹10 लाख।
तेलंगाना में 119 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव 30 नवंबर को हुए थे। 3 दिसंबर को घोषित हुए चुनाव परिणाम में कांग्रेस ने जीत के जादुई आंकड़े को पार करते हुए राज्य की कुल 119 में से 64 सीटों पर जीत हासिल की। बीआरएस ने 39 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा के खाते में आठ और एआईएमआईएम को सात सीटें मिली। सीपीआई ने एक सीट जीती।
रेवंत रेड्डी बने तेलंगाना के सीएम
कांग्रेस विधायक दल के नेता, ए रेवंत रेड्डी ने गुरुवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल तमिलिसाई साउंडराजन ने रेवंत रेड्डी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथग्रहण समारोह का आयोजन हैदराबाद के एल बी स्टेडियम में किया गया था। इस समारोह में एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया शामिल हुए।
यह देखें: तेलंगाना के नए CM रेवंत रेड्डी की कुंडली, दर्ज हैं 89 क्रिमिनल केस, जानें खाते में कितना बैलेंस?












Click it and Unblock the Notifications