Telangana: 17 फरवरी को हैदराबाद में नए सचिवालय कॉम्पलेक्स का उद्घाटन करेंगे सीएम KCR
17 फरवरी को तेलंगाना के सीएम के चंद्रशेकर राव हैदराबाद में नए सचिवालय कॉम्पलेक्स का उद्घाटन करेंगे। इसकी आधारशिला 2019 में उन्होंने ही रखी थी।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव अगले 17 फरवरी को राजधानी हैदराबाद में राज्य के नए सचिवालय परिसर का उद्घाटन करेंगे। सचिवालय की नई इमारत का नाम डॉक्टर बीआर अंबेडकर के नाम पर रखा गया है। तेलंगाना के सड़क और भवन मंत्री वेमुला प्रशांत रेड्डी ने बयान में बताया है कि उद्घाटन वाले दिन ही मुख्यमंत्री का जन्मदिन भी है। मुख्यमंत्री केसीआर ने ही जून 2019 में मशहूर हुसैन सागर झील के पास सचिवालय के मौजूदा स्थान पर ही नए सचिवालय के निर्माण की आधारशिला रखी थी। 26 एकड़ में बनी सात-मंजिला इमारत के निर्माण पर 600 करोड़ रुपए से अधिक की लागत आई है। शुरू में इसका काम अदालती मामलों की वजह से लटक गया था। लेकिन, बाद में अदालत से याचिकाएं खारिज होने के बाद काफी तेजी से काम पूरा किया गया।
17 फरवरी को नए सचिवालय का उद्घाटन
तेलंगाना सरकार ने नए सचिवालय परिसर के निर्माण को एक प्रतिष्ठित प्रोजेक्ट के रूप में लिया था। हालांकि, हाई कोर्ट में लंबित मुकदमों और कोविड-19 महामारी की वजह से इसके निर्माण कार्य में देरी हुई है। जब अदालत ने विपक्षी दलों और अन्यों की याचिकाओं को खारिज कर दिया तो दिसंबर, 2020 में निर्माण कार्य आगे बढ़ा था और लगातार काम चलने की वजह से महज दो साल में यह काम लगभग पूरा किया जा सका है। नया सचिवालय पहले वाली जगह पर ही बनाया गया है।
इस महीने के अंत तक 100% काम पूरा होने की उम्मीद
अधिकारियों के मुताबिक नई इमारत के सभी खंडों का लगभग 90 फीसदी काम पूरा किया जा चुका है और गुंबदों समेत कुछ ब्लॉक का बाकी बचा 10 फीसदी काम भी इस महीने के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। जैसे ही निर्माण का कार्य पूरी तरह से संपन्न होगा, सड़क और भवन विभाग परिसर को सामान्य प्रशासन विभाग के हवाले कर देगा। यह विभाग मंत्रियों, सचिवों और बाकी दफ्तरों को चैंबर आवंटित करेगा, जिसके आधार पर इंटीरीयर का काम करवाया जाएगा।
प्रशांत रेड्डी ने हाल में कहा था कि वाहनों की पार्किंग की जगह और बाकी ढांचों का कार्य प्रगति पर है और इसे ऑपरेशन बनाने में कुछ और वक्त लग सकता है। जानकारी के मुताबिक पूरे परिसर के निर्माण में वास्तु का ध्यान रखा गया है और साथ ही साथ हर तरह की आधुनिक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा था कि इसका निर्माण आने वाले दशकों को ध्यान पर रखकर किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications