तेलंगाना चुनाव के लिए कैसे तैयार हो रही है बीजेपी? जानिए
2024 के लोकसभा चुनावों से पहले तेलंगाना में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव भी होने हैं। राज्य की मौजूदा सत्ताधारी पार्टी भारत राष्ट्र समिति काफी मजबूत स्थिति में है और वह लगातार तीसरी बार चुनाव जीतकर वापस सत्ता हासिल करना चाहती है। बीजेपी ने पिछले कुछ वर्षों से तेलंगाना में अपने संगठन को काफी मजबूत किया है और अब पूरी ताकत से यह चुनाव लड़ने के लिए तैयार है।
तेलंगाना में बीजेपी के चुनाव की कमान एक तरह से खुद गृहमंत्री अमित शाह ने अपने हाथों में ले रखी है। उनकी रणनीतियों की वजह से बीजेपी हैदराबाद नगर निगम चुनाव में बहुत ही शानदार प्रदर्शन करके दिखा भी चुकी है। विधानसभा चुनाव के लिए भी पार्टी कोई कसर नहीं छोड़ रही है और हर तरह से बीआरएस की मुख्य प्रतिद्वंद्वी के तौर पर खुद को पेश कर रही है।

बीजेपी की बहुत बड़ी टीम तेलंगाना में हुई ऐक्टिव
इस समय देश भर के कम से कम एक हजार बीजेपी नेताओं-कार्यकर्ताओं की टीम तेलंगाना में रात-दिन मेहनत कर रही है। वह स्थानीय नेताओं और टिकट के दावेदारों से फीडबैक भी ले रही है और खुद से जमीनी हालात को पकड़ने की कोशिशें भी कर रही है। शाह ने प्रदेश यूनिट की मदद के लिए दिल्ली वॉर-रूम बनाया है, जिसके माध्यम से प्रदेश के नेताओं को भाजपा के अंदाज में चुनाव लड़ने के लिए तैयार किया जा रहा है।
देशभर के 100 से ज्यादा बीजेपी एमएलए चुनाव तैयारियों में जुटे
इस समय देश के दूसरे राज्यों के 100 से ज्यादा बीजेपी विधायक तेलंगाना में मौजूद हैं और मंडल और गांव स्तर तक के पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क अभियान में जुटे हुए हैं। पिछले रविवार को ही गृहमंत्री ने पार्टी कोर कमेटी की बैठक में साफ कर दिया था कि बीजेपी तेलंगाना चुनाव को लेकर बहुत ही गंभीर है और वे बीआरएस के साथ गुप्त समझौते की बातों को भी बहुत ही स्पष्टता के साथ खंडन कर चुके हैं।
भाजपा के कई बड़े नेता तेलंगाना में मौजूद
दूसरे राज्यों से आए बीजेपी विधायकों के अलावा पार्टी के 10 बड़े नेता भी राज्य में चुनाव तैयारियों पर लगातार नजर रख रहे हैं। इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री और प्रदेश में पार्टी के चुनाव प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर, राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम, महाराष्ट्र में पार्टी की प्रवक्ता श्वेता शालिनी, राज्य मामलों के सह-प्रभारी अरविंद मेनन, संयुक्त संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और उत्तर प्रदेश की धौरहरा से दूसरी बार की पार्टी सांसद और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा भी शामिल हैं। जबकि, पार्टी प्रभारी सुनील बंसल और तरुण चुग जैसे नेता तो पहले से ही तैयारियों को पूरा करने में जुटे हुए हैं।
दिल्ल वॉर-रूम भी हो चुका है सक्रिय
दिल्ली वॉर-रूम से तेलंगाना के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के लिए रणनीतियां तैयार की जा रही हैं और इनके अलावा खुद अमित शाह की 100 सदस्यों की टीम भी प्रदेश में मौजूद है, जो हर तरह के चुनावी ट्रेंड पर नजर रख रही है और सीधे शीर्ष नेतृत्व तक फीडबैक पहुंचा रही है।
युवा पेशेवरों की टीम भी काम कर रही
इसके अलावा पेशेवरों की भी एक खास टीम है। इसमें यूथ टैलेंट और एमबीए ग्रैजुएट्स को शामिल किया गया है। ये लोग भी टिकट चाहने वालों से बात कर रहे हैं और उनको लेकर अपनी फीडबैक जुटा रहे हैं। ये लोग बीजेपी नेताओं को पार्टी के लिए नैरेटिव तैयार करने में भी सहायता कर रहे हैं।
इन सबके बीच 'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' वाली पार्टी की रणनीति पर यहां भी लगातार फोकस बना हुआ है। क्योंकि, बीजेपी की नजर सिर्फ विधानसभा चुनावों पर ही नहीं है। तैयारी 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए भी साथ-साथ चल रही है, लेकिन आधार विधानसभा चुनावों से ही तैयार किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications